Home > राज्यो से ,slider news,
राजनीति में भगवा उतारकर आएं संत: जगदगुरु शंकराचार्य

यूपी और उत्तराखंड की राजनीति में अखाड़ों और संतों का हमेशा से प्रभाव रहा है। सभी पार्टियों के लोग अलग अलग संतों के पास जाकर समय-समय पर आशीर्वाद लेते रहे हैं। संतों की राजनीति में दखल, राजनीति में सन्यासी की प्रत्यक्ष सहभागिता, धर्म नीति का राजनीति पर नियंत्रण समेत तमाम मुद्दों पर  जगदगुरु शंकराचार्य राजेश्वराश्रम  ने अपनी राय रखी .

संतों का राजनीति में दखल बढ़ता जा रहा है। संत राजनीति में हस्तक्षेप क्यों करते हैं?

जब तक इस देश की राजसत्ता धर्म सत्ता के अधीन रही, तब तक यह देश सोने की चिड़िया कहलाया। जिस समय स्वतंत्रता का आंदोलन चल रहा था, लोगों ने गांधी से पूछा कि आजादी के बाद देश में कैसी राज्य-व्यवस्था होगी। गांधी ने कहा- राम राज्य की स्थापना होगी। स्वतंत्रता के बाद देश में राम राज्य की स्थापना तो न हो सकी, नेताओं ने इसे दाम राज्य बना दिया। राम राज्य अर्थात धर्म राज्य। राम धर्म की प्रतिमूर्ति हैं। धर्म का संदर्भ व्यापक है। धर्म नीति, अर्थ नीति, समाज नीति उसके अंग हैं।

साधु कभी राजा नहीं बनते थे, अब साधु मुख्यमंत्री और मंत्री बनने लगे हैं?

यह गलत है। राजनीति में संन्यासी की प्रत्यक्ष सहभागिता किसी भी प्रकार से सही नहीं ठहराई जा सकती। संत या धर्म का काम राजनीति को नियंत्रित करना है। उसमें सहभागी होना नहीं है। मैं तो कहता हूं, जिस संत को राजनीति करनी हो वह भगवा उतारकर राजनीति में आए। सरकारी कर्मचारी को भी इस्तीफा देकर राजनीति में आना पड़ता है। पदों पर बैठे संन्यासी को पद छोड़ देने चाहिए। वह चाहे मुख्यमंत्री हो या मंत्री, सभी को भगवा उतारकर राजनीति करनी चाहिए।
 
धर्म नीति का राजनीति पर नियंत्रण था, इससे आपका आशय क्या है?

पहले जब किसी राजा का राज्याभिषेक होता था, तब राजा कहता था- मुझे कोई दंडित नहीं कर सकता। उस समय पलाश का दंड लेकर एक बूढ़ा संन्यासी आकर राजा के सिर पर धर्म दंड रखकर कहता था- धर्म को तुम्हे दंड देने का अधिकार है। तुम अपने आप में स्वतंत्र नहीं हो। दूसरी बात पहले आश्रम व्यवस्था थी। इस पर बहस बहुत हो रही है, परन्तु वह एक वैज्ञानिक व्यवस्था थी। राजा स्वतंत्र नहीं था। उसके ऊपर धर्म का दंड रखने वाला एक संन्यासी होता था। संन्यासी को यह भ्रम न हो जाए कि वह राजा से बड़ा है, इसके लिए उसे भिक्षा के लिए गृहस्थ के घर जाना पड़ता था। इससे दोनों में संतुलन बना रहता था।

देश की राजनीति में हरिद्वार बड़ी भूमिका अदा करता है, आपके यहां भी बहुत से नेता आते हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि साधु सत्ता नीति को नियंत्रित करने लगे और संत नेताओं को मोहरों की तरह इस्तेमाल करने लगें?  ये चौसर तो नहीं बन गई है?

नहीं, ऐसा नहीं है। संन्यास भी अब मिशन न रहकर प्रोफेशन हो गया है और राजनीति भी सेवा की जगह व्यवसाय हो गई है। इस कारण कुछ जगह नेताओं को संतों से मिलकर राजनीतिक लाभ मिलता होगा। इसी तरह संतों को नेताओं से सहयोग होता होगा। इसलिए एक-दूसरे के पास आते-जाते होंगे। किसी संन्यासी के पास जाकर मार्गदर्शन प्राप्त करना अलग बात है और राजनीति में हस्तक्षेप करना दूसरी बात।

संतों को भी सरकारी-विपक्ष और जाति-समुदाय से जोड़ा जाने लगा है। अगड़ा संत, पिछड़ा संत। इस दल का संत, उस दल का संत। वह संत क्या जो एक जाति या वर्ग का हो गया?

ये बात सच है और चिंताजनक भी। साधु को जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर रहना चाहिए। मैं समझता हूं कि राजनीति में वे एक-दूसरे का उपयोग करते हैं, लेकिन साधु किसी एक का नहीं होता है। साधु तो सबका होता है।

हिन्दू और हिन्दुत्व को लेकर नई बहस शुरू हो गई है,  इस पर आपकी क्या राय है?

राजनीति में कोई किसी का नहीं होता। आज सत्ता में पहुंचने के लिए हिन्दू की जरूरत है तो हिन्दू की बात करेंगे कल ये लगेगा कि किसी दूसरे समुदाय की जरूरत पड़ेगी तो उसके हित की बात करने लगेंगे। राजनेता को अपना हित चाहिए।

देश की राजनीति जिस तरह चल रही है, उसे आप किस तरह देखते हैं?

एक अरसे से राजनीति के रुख के कारण विद्वेष बढ़ा है। सांप्रदायिक सौहार्द में कहीं कमी आई है। जो देश के लिए चिंता का विषय है।

Share This News :