श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में कोहली और ऋषभ पंत को दिया ब्रेक
बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को होने वाले तीसरे और अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच से पहले विराट कोहली और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम के बायो बबल से 10 दिन का ब्रेक दिया है। कोहली अब घर के लिए रवाना हो चुके हैं और अब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 तथा श्रीलंका के खिलाफ 24 फरवरी से लखनऊ में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में नहीं खेलेंगे। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के अगले दो मैच 26 और 27 फरवरी को धर्मशाला में होंगे। श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए शाम को भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कोहली के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को भी बायो बबल से ब्रेक दिया गया है। पंत भी अब वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और अंतिम T20 मैच में नहीं खेलेंगे। इसके अलावा वह श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे।