Homeखेल ,
दूसरे मैच में श्रीलंका को 7 विकेट से हराया, घरेलू सरजमीं पर लगातार सातवीं सीरीज जीती

भारत ने दूसरे टी-20 मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया है। जीत के लिए 184 रन के टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 186 रन बना लिए। श्रेयस अय्यर ने नाबाद 74 (44 गेंद) और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 45 (18 गेंद) रन बनाए। संजू सैमसन ने 39 रन की पारी खेली।

इससे पहले श्रीलंका ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए 183/5 का स्कोर बनाया था। ओपनर पाथुम निसंका (75) टॉप स्कोरर रहे, जबकि कप्तान दासुन शनाका ने 47 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, हर्षल पटेल और भुवनेश्वर कुमार ने 1-1 विकेट लिया।

टी-20I में लगातार 11वीं जीत
टी-20 इंटरनेशनल में यह भारत की लगातार 11वीं जीत है। अब भारत वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी से सिर्फ 1 जीत है। अफगानिस्तान ने लगातार 12 टी-20 मैच जीते हैं। भारत ने घरेलू जमीन पर इस फॉर्मेट में लगातार सातवीं सीरीज अपने नाम की है।

टीम इंडिया की शानदार जीत
टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में दुष्मंता चमीरा ने कप्तान रोहित शर्मा (1) को बोल्ड कर दिया। पिछले मैच के हीरो ईशान किशन 16 रन बनाकर लाहिरु कुमारा की गेंद पर आउट हुए। तीसरे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन ने 47 गेंदों पर 84 रन जोड़कर पारी को संभाल लिया। सैमसन 25 गेंदों पर 39 रन बनाकर बिनुरा फर्नांडो की गेंद पर आउट हुए।

इसके बाद अय्यर और रवींद्र जडेजा ने मेहमान टीम को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 26 गेंदों पर नाबाद 58 रन जोड़कर भारत को मुकाबला जीता दिया। जडेजा ने मैदान पर आते ही चौके-छक्कों की बरसात कर डाली और 18 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाए। श्रेयस ने भी 44 गेंदों पर बेहतरीन 74 रन की नाबाद पारी खेली।

  • दुष्मंता चमीरा ने T-20I में 5वीं बार रोहित को आउट किया।
  • पावरप्ले तक भारत का स्कोर 46/2 था।
  • संजू सैमसन (39) T-20I में उनका ये सबसे बढ़िया स्कोर रहा।
  • श्रेयस अय्यर ने पहली बार T-20I में लगातार दो पारियों में 50+ स्कोर बनाया।
  • श्रेयस (74)* इस फॉर्मेट में उनका ये 5वां और श्रीलंका के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा।
  • रवींद्र जडेजा नाबाद 45 रन T20I में उनका ये सबसे बढ़िया प्रदर्शन रहा।

    श्रीलंकाई टीम ने बनाए थे 183 रन
    टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए पाथुम निसंका और दनुष्का गुणाथिलक ने 52 गेंदों पर 67 रन जोड़े। यह जोड़ी भारत के लिए परेशानियां खड़ी कर रही थी, तभी रवींद्र जडेजा ने गुणाथिलक (38) का विकेट लेकर टीम को पहली कामयाबी दिलाई। उनका कैच लॉन्ग ऑन पर वेंकटेश अय्यर ने शानदार डाइव लगाकर पकड़ा। अगले ही ओवर में युजवेंद्र चहल ने चरिथ असलंका (2) को LBW आउट किया।

    कामिल मिशारा (1) का विकेट हर्षल पटेल के खाते में आया। 67 पर पहला विकेट गंवाने वाली श्रीलंका ने देखते ही देखते 76 पर 3 विकेट खो दिए। पूर्व कप्तान दिनेश चंडीमल (9) का विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिया। इसी बीच 16वें ओवर में ओपनर निसंका ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 102 पर चार विकेट गंवाने के बाद 5वें विकेट के लिए निसंका और शनाका ने 58 रन जोड़े। शानदार बैटिंग कर रहे निसंका 75 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर आउट हुए। कप्तान शनाका बढ़िया फिनिश करते हुए 19 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए।

Share This News :