Home > राज्यो से ,slider news,
अंतिम चरण की लड़ाई बनारस में सिमटी

यूपी विधानसभा चुनाव अब अंतिम चरण की ओर पहुंच चुका है। इस चरण में मतदान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और उसके आसपास की सीटों पर होगा। ऐसे में सभी की निगाहें वाराणसी पर टिक चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत तमाम प्रमुख नेताओं ने यहां पर ताकत झोंक दी है। 

खुद पीएम मोदी 4 और 5 मार्च को वाराणसी में रहेंगे। इस दौरान वह रोड-शो करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा के जिलाध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि प्रधानमंत्री वाराणसी के विभिन्न इलाकों में रोड शो करेंगे और 5 मार्च को खजूरी गांव में एक रैली को संबोधित करेंगे। रोड शो तीन विधानसभा क्षेत्रों कैंट, वाराणसी उत्तर और वाराणसी दक्षिण के लिए होगा। मोदी का काशी विश्वनाथ मंदिर जाने का भी कार्यक्रम है।

विपक्षी दलों के प्रमुख नेता भी तीर्थनगरी पहुंच रहे हैं, जो ग्रैंड फिनाले का मुख्य केंद्र होगा। तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने गुरुवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके सहयोगी रालोद नेता जयंत चौधरी के साथ संयुक्त रैली की। भगवा खेमे को चुनौती का कड़ा संदेश देने के लिए सपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के सभी सहयोगी रैली में शामिल हुए। 

अपने गृहराज्य पश्चिम बंगाल में भाजपा को हराने के बाद बनर्जी अगले राष्ट्रीय चुनाव में भाजपा विरोधी ताकतों को एक मजबूत करने की कोशिश में जुटी हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और बसपा सुप्रीमो मायावती पहले ही वाराणसी और आसपास के इलाकों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी हैं।  शनिवार शाम को चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वाराणसी जाएंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है। हालांकि, सांसद संजय सिंह समेत उनकी पार्टी के नेताओं काफी दिनों से वाराणसी आना-जाना लगा हुआ है।

समाजवादी पार्टी के साथ सीधी लड़ाई में फंसी बीजेपी अंतिम दौर में होने वाले 54 निर्वाचन क्षेत्रों में से ज्यादातर पर जीत हासिल करना चाहेगी। ताकि 2024 के आम चुनाव में दबदबा जारी रह सके। मोदी लहर  पर सवार होकर भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 2017 में वाराणसी के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की थी और ऐसा ही पड़ोसी जिलों की अधिकांश सीटों पर हुआ था। 

अखिलेश यादव ने वाराणसी में चार सपा उम्मीदवारों को उतारा है। चार अन्य सीटें सहयोगी दलों अनुप्रिया की मां कृष्णा पटेल के नेतृत्व वाली अपना दल (कमेरावादी) और राजभर की सुभासपा को दी है। 
 अगर जातिवार मतदाताओें की बात करें तो वाराणसी में 3.25 लाख से अधिक वैश्य, तीन लाख मुस्लिम, ब्राह्मण (2.5 लाख), पिछड़ों में आने वाले कुर्मी (2 लाख), यादव (1.5 लाख), ठाकुर (1 लाख), दलित 80,000 और अन्य ओबीसी जातियां करीब 70,000 हैं। 

रिपोर्टों से पता चलता है कि सपा और अन्य विपक्षी दल भगवा पार्टी के ब्राह्मण मतदाताओं में सेघ लगाने की कोशिशों में जुटे हैं। बनारस की तरह पड़ोसी मिर्जापुर और जौनपुर में भी एक मजबूत मुकाबला हो रहा है। वहां भी भाजपा ने पिछली बार बड़ी जीत हासिल की थी। 

वाराणसी के अलावा अंतिम चरण का मतदान आजमगढ़ और विंध्याचल मंडलों के नौ जिलों में होगा। आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र की 54 सीटों पर सात मार्च को मतदान होना है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी अपने लंबे समय के सहयोगी और पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव के पक्ष में 4 मार्च को जौनपुर के मल्हानी विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करेंगे।

Share This News :