Homeखेल ,
भारत vs श्रीलंका दूसरा टेस्ट:पहले दिन गिरे 16 विकेट

भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट का पहला दिन गेंदबाजों के नाम रहा। डे-नाइट टेस्ट के पहले ही दिन कुल 16 विकेट गिरे। भारतीय टीम टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 252 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रेयस अय्यर (92) टॉप स्कोरर रहे। ऋषभ पंत ने 39 और हनुमा विहारी ने 31 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से लेफ्ट आर्म स्पिनर लसिथ एम्बुलडेनिया और प्रवीण जयविक्रमा ने 3-3 विकेट लिए।

जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 6 विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं। लसिथ एम्बुलडेनिया 0 और निरोशन डिकवेला 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। जसप्रीत बुमराह ने 3 और मोहम्मद शमी ने 2 विकेट चटकाए। वहीं, अक्षर पटेल ने 1 विकेट ले चुके हैं। मेहमान टीम अभी भी भारत से 166 रन पीछे हैं।

श्रीलंका ने 30 रन के अंदर गंवाए 4 विकेट
भारत को पहली दो सफलता उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह ने दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर में श्रीलंकाई ओपनर कुसल मेंडिस (2) को आउट किया और अपने अगली ही ओवर में लाहिरु थिरिमाने (8) का विकेट चटकाया। दोनों खिलाड़ियों के कैच श्रेयस अय्यर ने पकड़े। श्रीलंका को तीसरा झटका मोहम्मद शमी ने कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (4) को आउट कर पहुंचाया। करुणारत्ने को शमी ने अपने स्पैल की पहली ही गेंद पर बोल्ड किया।

धनंजया डी सिल्वा 10 रन बनाकर शमी की गेंद पर LBW आउट हुए। ये सफलता भारत को DRS पर मिली। दरअसल, अंपायर ने डी सिल्वा को नॉट-आउट दिया था। जिसके बाद पंत के बहुत समझाने पर कप्तान रोहित ने रिव्यू लिया। शमी की गेंद ऑफ स्टंप के करीब गिरने के बाद काफी तेजी से अंदर आई थी। रीप्ले में दिखा कि गेंद बल्ले का किनारा लिए बिना मिडिल और लेग स्टंप के टॉप पर लगी थी।

अक्षर पटेल ने चरिथ असलंका (5) को आउट कर श्रीलंका को 5वां झटका पहुंचाया। एंजेलो मैथ्यूज (43) रन बनाकर बुमराह की गेंद पर आउट हुए। उनका कैच रोहित शर्मा ने पकड़ा।शतक से चूके श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर 98 गेंदों पर 92 रन बनाकर प्रवीण जयविक्रमा की गेंद पर स्टंप आउट हुए। अय्यर जब बल्लेबाजी के आए थे, उस समय भारत का स्कोर 86/4 था। इसके बाद अपने चौथा टेस्ट मैच खेल रहे अय्यर ने न सिर्फ एक छोर को संभाले रखा बल्कि तेजी से रन भी बनाते रहे। हालांकि वह अपने करियर का दूसरा शतक पूरा नहीं कर सके।

इस डे-नाइट टेस्ट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला किया। मैच की शुरुआत से ही पिच स्पिनर्स के लिए काफी मददगार नजर आ रही है। पहले ही सेशन में टीम इंडिया ने 4 विकेट गंवा दिए। दूसरे सेशन में भारत ने 6 विकेट गंवाए।

पंत ने खेली आक्रामक पारी
ऋषभ पंत जब बैटिंग के लिए उस समय भारत का स्कोर 76/3 था। पंत ने मैदान पर आते ही बड़े शॉट्स लगाने शुरू कर दिया। स्टार विकेटकीपर खिलाड़ी ने केवल 26 गेंदों पर 39 रन बनाए। अपनी इस आतिशी पारी में उन्होंने 7 चौके लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 150 का रहा। पंत तूफानी फिफ्टी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन लसिथ एम्बुलडेनिया की गेंद पर बोल्ड हो गए।

भारत का छठा विकेट रवींद्र जडेजा (4) के रूप में गिरा। पिछले मैच के हीरो सर जडेजा एम्बुलडेनिया की गेंद पर स्लिप में लाहिरु थिरिमाने को अपना कैच थमा बैठे। 7वें विकेट के लिए आर अश्विन और श्रेयस अय्यर ने 63 गेंदों पर 35 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को डी सिल्वा ने अश्विन (13) को आउट कर तोड़ा।

अच्छी शुरुआत के बाद आउट हुए विहारी-कोहली
भारत ने पहले दो विकेट 29 के स्कोर पर गंवा दिए थे। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए हनुमा विहारी और विराट कोहली ने 102 गेंदों पर 47 रन जोड़कर पारी को संभालने का काम किया। नजरें जमा चुके विहारी 81 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट प्रवीण जयविक्रमा के खाते में आया। विहारी के विकेट के बाद अगले ही ओवर में कोहली भी 48 गेंदों पर 23 रन बनाकर धनंजया डी सिल्वा की गेंद पर LBW आउट हो गए।

  • कोहली 34वीं बार टेस्ट क्रिकेट में LBW आउट हुए।
  • विराट ने पिछली 72 इंटरनेशनल पारियों से शतक नहीं लगाया है।

Share This News :