Home > राज्यो से ,slider news,
उमा भारती ने शराब दुकान में बरसाए पत्थर

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने रविवार को एक शराब दुकान को निशाना बनाया। उमा अचानक भोपाल की एक शराब दुकान पर पहुंचीं और पत्थर से बोतलें फोड़ दीं। पूर्व सीएम शाम करीब साढ़े 4 बजे भेल क्षेत्र के बरखेड़ा पठानी पहुंचीं। यहां आजाद नगर में शराब की एक दुकान है। उमा दुकान में घुसीं और पत्थर से बोतलें तोड़ दीं। उमा कई बार राज्य में शराबबंदी की मांग कर चुकी हैं।

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने उमा को साहसी बताते हुए उनकी तारीफ की। पटवारी ने कहा- भाजपा में कोई तो है, जिसकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है।

स्थानीय लोग जुटे

उमा के आजाद नगर पहुंचने पर बड़ी तादाद में स्थानीय लोग जुट गए। इसके बाद पूर्व सीएम ने पत्थर उठाया और दुकान में घुसकर बोतलें तोड़ दीं। उमा की दबंगई से सहमे ठेकेदार ने पुलिस को सूचना तक नहीं दी। भारती ने कहा- यह मजदूरों की बस्ती है। पास में मंदिर हैं और स्कूल हैं। जब लड़कियां और महिलाएं छतों पर खड़ी होती हैं तो शराबी लोग उनके तरफ मुंह करके लघु शंका तक करते हैं। यह महिलाओं का अपमान हैं।

एक सप्ताह में दुकान बंद करने की चेतावनी
पूर्व सीएम ने आगे कहा- मजदूरों की पूरी कमाई इन दुकानों में फुक जाती हैं। यहां के निवासियों और महिलाओं ने कई बार विरोध किया, धरने दिए। यह दुकान सरकारी नीति के खिलाफ है। प्रशासन ने हर बार बंद करने का भरोसा दिलाया, लेकिन कई साल हो गए यह नहीं हो पाया। अब एक हफ्ते में यह दुकान और अहाता बंद होना चाहिए।

कांग्रेस बोली- हमें भी दी जाए ऐसी शराबबंदी की इजाजत

कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने सोशल मीडिया पर कहा- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा जी, मैं भी मध्यप्रदेश में शराब के विरोध में हूं। मैं भी चाहता हूं कि प्रदेश में शराब बंदी हो…जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती जी ने आज शराब की दुकान का विरोध किया है, वैसा विरोध में भी करना चाहता हूं। कृपया अनुमति दीजिए…।

Share This News :