'महाराज' की छवि क्यों तोड़ना चाहते हैं... हर दौरे में क्यों चौंका देते हैं ज्योतिरादित्य
भाजपा का दामन थामने के बाद से 'महाराज' बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के वो रूप देखने को मिल रहे हैं, जो कांग्रेस में रहते हुए कभी नहीं दिखे। इन दिनों 'महाराज' का बिल्कुल 'मामा' अवतार नजर आ रहा है। बदले हुए मिजाज को देखकर ये कह सकते हैं कि सिंधिया अब शिवराज की राह चल रहे हैं, लेकिन ये सब यूं ही नहीं है। आखिर सिंधिया के मन में क्या चल रहा है? क्या सिंधिया अपनी ‘महाराज’ वाली छवि से बाहर आना चाहते हैं? शायद इसलिए वो जनता के बीच जाकर उनके दिलों में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 'शिवराज पथ' पर चलकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। सिंधिया की आए दिन सामने आ रही तस्वीरें तो यही बयां कर रही हैं। इसने दूसरे नेताओं की धड़कनें तेज कर दी हैं, क्योंकि वे एमपी में अगले चुनाव के लिए अहम दावेदार बताए जा रहे हैं।
हाल ही में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जब झाड़ू हाथ में लेकर सड़कों पर उतरे तो हर कोई उन्हें देखता रह गया। ग्वालियर में ये पहली बार था जब सिंधिया राजघराने से किसी 'महाराज' ने सड़क पर झाड़ू लगाई। उन्होंने सफाईकर्मियों का सम्मान भी किया। यही नहीं, सफाईकर्मी के पैर भी छूते नजर आए। उसी तरह, जिस तरह 5 मार्च को अपने जन्मदिन पर सीएम शिवराज सिंह ने भी सफाईकर्मियों के पैर धोए थे। साथ ही, सड़क पर उतरकर झाड़ू लगाई थी। शिवराज की ऐसी तस्वीरें तो अकसर सामने आती रही हैं। जब वो हाथ में झाड़ू थामे साफ-सफाई करते नजर आए हैं। अब सिंधिया भी उनकी राह चल दिए हैं। उन्होंने हाथ में झाड़ू लेकर ग्वालियर की सड़कों पर साफ-सफाई की। इससे पहले सिंधिया सफाईकर्मियों के साथ अपने मंत्रालय की सफाई भी करते नजर आए थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मामा कहा जाता हैं। प्रदेश की बेटियों के लिए वो मामा हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान अपने हर सरकारी कार्यक्रम को शुरू करने से पहले कन्या पूजन करते हैं। लाडलियों का सम्मान करते हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया भी ग्वालियर में जब एक अस्पताल और सड़क का भूमिपूजन करने पहुंचे, तो उन्होंने सबसे पहले कन्या पूजन किया।
शिवराज की तरह सिंधिया भी लोगों के बीच मशहूर होने के जतन में जुटे हैं। सीएम शिवराज सिंह कई बार क्रिकेट ग्राउंड पर नजर आ चुके हैं। उधर सिंधिया भी एक अच्छे क्रिकेटर हैं, इसलिए जब भी उन्हें मौका मिलता है, वो भी अपना हुनर दिखाने से नहीं चूकते।
सिंधिया के मन में क्या?
कांग्रेस छोड़कर आए ज्योतिरादित्य सिंधिया अब पूरी तरह बीजेपी में घुल मिल गए हैं। पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ रहा है। सिंधिया अब जनता के बीच भी अपनी लोकप्रियता का ग्राफ बढ़ाने में लगे हैं। जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करने में जुटे हैं। इसके लिए उन्होंने 'शिवराज पथ' अपनाया है। तो क्या सिंधिया शिवराज की राह चलकर उस मुकाम तक पहुंच पाएंगे। जिस मुकाम पर आज सीएम शिवराज सिंह हैं।