कंगना रनौत ने की योगी आदित्यनाथ से मुलाकात
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत अपनी फिल्मों के अलावा अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। कंगना रनौत खुद तो अब ट्विटर पर नहीं हैं, लेकिन अक्सर उनसे जुड़े हैशटैग्स ट्विटर पर वायरल होते हैं। वहीं कंगना के फोटोज- वीडियोज भी सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होते हैं। इस बीच 'धाकड़' एक्ट्रेस कंगना रनौत की एक नई फोटो सामने आई है, इस तस्वीर में कंगना, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को सोशल मीडिया यूजर्स खूब पसंद कर रहे हैं और तेजी से शेयर कर रहे हैं।
दरअसल कंगना और यूपी के मुखिया योगी आदित्यनाथ की लेटेस्ट तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, 'हाल ही चुनावों में भारी जीत के बाद आज महाराज योगी आदित्यनाथ जी से मिलने का सौभाग्य मिला। यह एक बेहतरीन शाम थी... महाराज जी की दया भाव, चिंता और जुड़ाव की गहरी भावना मुझे हमेशा ही विस्मित करती हैं। मैं खुद को सम्मानित, और प्रेरित महसूस कर रही हूं।वहीं इस तस्वीर को योगी आदित्यनाथ के ऑफिस ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा गया, 'मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज से आज लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर सुविख्यात फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत जी ने शिष्टाचार भेंट की।' बता दें कि कंगना रनौत और योगी आदित्यनाथ की इन तस्वीरों को फैन्स काफी ज्यादा पंसद कर रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना को शेरनी कहा है, तो वहीं कई यूजर्स उनकी सादगी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।