Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
भूमि पूजन पर बवाल, भीड़ ने कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार को रोका, जान से मारने की दी धमकी

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होते ही सियासी बवाल शुरू हो गए हैं. महल गांव इलाके में बुधवार को सड़क का भूमि पूजन करने पहुंचे कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार को सिंधिया समर्थक MP बीज निगम अध्यक्ष मुन्ना लाल गोयल के समर्थकों ने घेर लिया और भूमि पूजन करने से रोक दिया. बढ़ता बवाल देख विधायक मौके से निकल गए, तो वहीं शाम को इसी सड़क का भूमि पूजन पूर्व विधायक मुन्ना लाल गोयल ने कर दिया. घटना के वीडियो वायरल हुए हैं जिसमें भीड़ में शामिल कुछ लोग कांग्रेस विधायक को जान से मारने तक की धमकी दे रहे हैं. कांग्रेस विधायक ने कहा कि वो जनता के लिए जान दे देंगे, लेकिन जनसेवा से पीछे नहीं हटेंगे. विधायक ने पूरे मामले की पुलिस से शिकायत की है.

ग्वालियर पूर्व विधानसभा के कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार बुधवार को वार्ड-29 स्थित महल गांव की एक सड़क का भूमि पूजन करने के लिए पहुंचे थे. 24 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क का भूमि पूजन करने पहुंचे कांग्रेस विधायक को स्थानीय लोगों और सिंधिया समर्थक MP बीज निगम अध्यक्ष  पूर्व विधायक मुन्ना लाल गोयल के समर्थकों ने घेर लिया. विधायक सतीश सिकरवार और भाजपा समर्थकों में जमकर बहस हुई, लेकिन भूमि पूजन नहीं होने दिया. आखिर में कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार वापस लौट गए. इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं जिसमें कुछ कार्यकर्ता विधायक सतीश सिकरवार को जान से मारने की धमकी देते भी नजर आए. वीडियो में भीड़ में शामिल लोग कांग्रेस MLA को कह रहे हैं किढाई सौ लोगों का परिवार है तुमको बिछाने में 2 मिनट लगेंगे.

 

कांग्रेस विधायक बोले- जनता के लिए जान दे दूंगा

 

इस बवाल पर कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने कहा कि सड़क के लिए नगर निगम से राशि उन्होंने मंजूर कराई थी, इसलिए वो भूमि पूजन करने पहुंचे थे. लेकिन पूर्व विधायक के समर्थकों ने उनके साथ अभद्रता की है. जान से मारने तक कि धमकियां दी है. कांग्रेस विधायक सतीश ने कहा कि वो जनता की सेवा के लिए जान दे देंगे, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे. इस पूरे मामले की पुलिस से शिकायत की है.

Share This News :