पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती का कांग्रेस ने लिया श्रेय
केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल के दामों में की गई कमी पर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इसका श्रेय लेते हुए कहा है कि उनके दबाव में यह कटौती की गई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहाकि केंद्र सरकार ने कांग्रेस के दबाव में झुकते हुए यह फैसला लिया है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने शनिवार को आम जनता को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। पेट्रोल पर 8 और डीजल पर 6 रुपए की एक्साइज ड्यूटी कम की गई है। इस फैसले के बाद पेट्रोल के 9.5 और डीजल के दाम 7 रुपए प्रति लीटर कम हो गए हैं।
बताया दबाव का परिणाम
अशोक गहलोत ने शनिवार को टि्वटर पर लिखा कि कांग्रेस द्वारा लगातार बनाया गया दबाव रंग लाया। इसके चलते ही आम जनता को पिछले दो महीने में बढ़े तेल के दामों से राहत मिली है। गहलोत ने लिखा कि कांग्रेस द्वारा देशभर में लगातार मंहगाई के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही उदयपुर में हुए नवसंकल्प शिविर में तय किए गए मंहगाई के विरुद्ध जनजागरण अभियान के दबाव से आज केन्द्र सरकार को पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला करना पड़ा।
कटौती को बताया औपचारिकता
एक अन्य ट्वीट में राजस्थान के मुख्यमंत्री ने लिखा कि पिछले दो महीने में ही पेट्रोल एवं डीजल के दाम लगभग 10 रुपये प्रति लीटर बढ़े थे। ऐसे में आज की कटौती महज एक औपचारिकता नजर आती है। गहलोत ने आगे लिखा कि यदि केन्द्र सरकार सही मायने में आमजन को राहत देना चाहती है तो एक्साइज ड्यूटी को घटाकर यूपीए सरकार के स्तर पर ले जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इससे डीजल एवं पेट्रोल की कीमतें करीब 70 रुपये प्रति लीटर से भी कम हो जाएंगी और आमजन को मंहगाई से राहत मिल सकेगी।