Homeखेल ,
टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्यों मिली करारी हार, कप्तान ऋषभ पंत ने बताया कारण

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दिल्ली में खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया को 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तान के तौर पर ऋषभ पंत का ये पहला मैच था और पहले ही मैच में टीम का प्रदर्शन गेंदबाजी और फील्डिंग के स्तर पर थोड़ा फीका नजर आया। इसके अलावा टीम इंडिया को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी हार (रनों का बचाव करते हुए) मिली है। अब कप्तान ऋषभ पंत ने भारतीय टीम को मिली इस करारी हार का कारण भी बताया है।

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में नए नवेले कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, "हमारे पास बोर्ड पर रन पर्याप्त थे, लेकिन मुझे लगता है कि हम दूसरी पारी में एग्जीक्यूशन नहीं कर पाए। हालांकि, कभी-कभी आपको विपक्ष को भी क्रेडिट देना चाहिए। डेविड मिलर और आरवीडी (रासी वैन डर डुसेन) ने शानदार बल्लेबाजी की। जब हमने बल्लेबाजी की तो स्लोअर गेंद काम कर रही थी, लेकिन दूसरी पारी में विकेट बेहतर हो गया।" पंत के इस बयान से साफ नजर आता है कि गेंदबाजों के ऊपर वे हार का ठीकरा फोड़ना चाहते हैं।
 
इस मैच में टीम इंडिया को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने पड़ी और स्कोरबोर्ड पर 211 रन टांग दिए थे। ऐसे में लग रहा था कि टीम आसानी से मुकाबला जीत जाएगी, लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और फिर बाकी का काम डेविड मिलर ने रासी वैन डर डुसेन के साथ मिलकर पूरा कर दिया। हैरान करने वाली बात ये रही कि ऋषभ पंत ने युजवेंद्र चहल को तीसरा ओवर 20वां दिया था, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बावजूद इसके कि अक्षर पटेल की पिटाई हो गई थी। 

Share This News :