सिंधिया ने कहा-मतदान प्रतिशत कम होने का किसे फायदा नहीं बता सकता, लोगों को जागरूक होना पड़ेगा
केन्द्र सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ अब इस्पात मंत्रालय का प्रभार मिलने के बाद सिंधिया बहुत उत्साहित हैं। केन्द्र में बजन बढ़ने के बाद वह पहली बार ग्वालियर पहुंचे तो उन्होंने उन पर विश्वास जताने के लिए केन्द्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट किया। नगर निगम चुनाव में ग्वालियर में गिरते मतदान प्रतिशत का किसको फायदा होगा।इस सवाल पर उन्होंने इस अंदाज में कहा कि किसे फायदा होगा यह तो नहीं बता सकता, लेकिन मतदान प्रतिशत बढ़ाना होगा। लोकतंत्र में वोट का अधिकार हमें और मजबूती प्रदान करता है।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार शाम दिल्ली से वाया फ्लाइट ग्वालियर पहुंचे हैं। वह दो दिन के प्रवास पर ग्वालियर आए हैं। उन्होंने एयरपोर्ट से ग्वालियर मंे अपने कार्यक्रम के लिए निकलने से पहले मीडिया के सवालों के जवाब दिए। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अतिरिक्त प्रभार मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति आभार जताया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि वह नई जिम्मेदारी पर खरा उतरें, इसकी पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन पर जो भरोसा जताया है उस पर भी अपनी ओर से पूरी क्षमताओं के साथ काम करेंगे और उनकी उम्मीद पूरी कर सकेंगे।
एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत
केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचे थे। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट से निकलने के बाद उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नई जिम्मेदारी इस्पात मंत्रालय का प्रभार मिलने पर उनका जोरदार स्वागत किया। मतदान कम होने पर किसे फायदा होगा के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मतदान शत प्रतिशत हो इसके प्रयास होने चाहिए और लोगों को भी अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए। लोकतंत्र में वोट का अधिकार हमें और ज्यादा मजबूती प्रदान करता है। कम वोटिंग के कारण BJP को होने वाले नुकसान के बारे में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बारे में वह कोई बात नहीं करेंगे कि वह खुश हो रही है अथवा दुखी हो रही है।