Home > राज्यो से ,slider news,
विपक्ष की उपराष्ट्रपति उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने हिमंता बिस्वा सरमा को किया फोन, मिला यह जवाब

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी की संयुक्त उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने तीन मुख्यमंत्रियों से बात की। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवाराज बोम्मई शामिल हैं। बता दें कि इस समय वह चुनाव के कैंपेन में व्यस्त हैं। तीन बार सांसद रह चुकीं अल्वा और हिमांता बिस्वा  सरमा के बीच बाद में ट्विटर पर भी बात शुरू हो गई। 

पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, 'श्रीमती मार्गरेट अल्वा ने आज चुनावी अभियान का कार्यभार संभाला। उनका कार्यालय पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर है। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री, कर्नाटक और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों से बात की।'

इस ट्वीट पर हिमंता बिस्वा सरमा ने जवाब देते हुए कहा, श्रीमती अल्वा से मेरी सुबह बात हुई। मैंने बहुत नम्रता से कहा कि मैं इलेक्टोरल कॉलेज का सदस्य नहीं हूं। देश के उपराष्ट्रपति के चुनाव में मेरी कोई भूमिका ही नहीं है। इसके बाद बिस्वा सरमा के ट्वीट पर अल्वा ने भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, उपराष्ट्रपति चुनाव अभियान के तहत मैं सभी पार्टियों के नेताओं से बात कर  रही हूं। सरमा एक पुराने दोस्त हैं। हमने साथ में लंबे समय तक काम किया है और कम से कम 30 सालों से जान पहचान है। मुझे पता है कि इलेक्टोरल कॉलेज कैसे बनता है। हालांकि हमारी बात अच्छी रही।बता दें कि संविधान के अनुच्छेद 66 के तहत उपराष्ट्रपति का चुनाव होता है। इसके लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों के सदस्य रहते हैं। सरकार के बयान के मुताबिक इस बार राज्यसभा के 233 चुने हुए सदस्य, 12 नामित सदस्य और लोकसभा के 543 सदस्य इलेक्टोरल कॉलेज का हिस्सा हैं। एनडीए की तरफ से जगदीप धनखड़ उपराष्ट्रपति उम्मीदवार हैं। 10 अगस्त को मौजूदा उपराष्ट्रपति वेंकैया नाडयू का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। 6 अगस्त को चुनाव होना है।

Share This News :