फ्लोर टेस्ट के बाद होगा कैबिनेट विस्तार
नीतीश कुमार ने 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। राज्यपाल फागू चौहान ने बुधवार को उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश ने हिंदी में ईश्वर के नाम की शपथ ली। उनके तुरंत बाद तेजस्वी यादव ने डिप्टी CM पद की शपथ ली। शपथ लेते ही तेजस्वी ने मंच पर ही नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद नीतीश ने 2024 के लिए विपक्ष से एकजुट रहने की अपील की।
शाम 5 बजे सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कैबिनेट बैठक की। इसमें तय हुआ कि 24 और 25 को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। पहले दिन नए स्पीकर का चुनाव होगा। इसके अगले दिन फ्लोर टेस्ट होगा। अभी कैबिनेट विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से बात की। नाम लिए बिना उन्होंने भाजपा पर हमला बोला। नीतीश ने कहा, '2014 में आने वाले, 2024 में रहेंगे तब ना। हम रहें या न रहें, वे 2024 में नहीं रहेंगे। मैं विपक्ष को 2024 के लिए एकजुट होने की अपील करता हूं।' PM पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं इस पद का उम्मीदवार नहीं हूं।
फ्लोर टेस्ट के बाद होगा कैबिनेट विस्तार
नीतीश कैबिनेट का विस्तार फ्लोर टेस्ट के बाद होगा। सूत्रों के मुताबिक तय फॉर्मूले में RJD को 16 मंत्री पद मिलने हैं, जबकि JDU के खाते में 13 और कांग्रेस के 4 विधायक मंत्री बनेंगे। 12 विधायकों वाली CPI (ML) ने अभी सरकार में शामिल होने पर कोई फैसला नहीं किया है। मंत्रियों के संभावित नाम इस तरह हो सकते हैं...
1. RJD - तेजप्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, अनिता देवी, जितेन्द्र कुमार राय, चन्द्रशेखर, कुमार सर्वजीत, बच्चा पांडेय, भारत भूषण मंडल, अनिल सहनी, शाहनवाज, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, समीर महासेठ, भाई वीरेन्द्र, ललित यादव, कार्तिक सिंह, वीणा सिंह, रणविजय साहू और सुरेन्द्र राम।
2. JDU - विजय कुमार चौधरी, विजेन्द्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, उपेन्द्र कुशवाहा, शीला कुमारी, श्रवण कुमार, मदन सहनी, संजय कुमार झा, लेशी सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज और जमां खान।
3. कांग्रेस - मदन मोहन झा, अजीत शर्मा, शकील अहमद खान और राजेश कुमार।
4. हम (से) - संतोष कुमार सुमन।