मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में बड़ा हादसा, भीड़ में दबकर दो लोगों की मौत... VIPs को एंट्री देने का आरोप

उत्तर प्रदेश के मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के मौके पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों की भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जन्माष्टमी के उल्लास के बीच मथुरा के वृंदावन से एक दुखद खबर सामने आई है। वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में देर रात दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दम घुटने के बाद बनी भगदड़ जैसी स्थिति में छह लोगों के घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कार्यक्रम में भाग ले रहे भक्तों का कहना है कि भीड़ काफी ज्यादा हो गई थी। इस कारण 50 से अधिक मंगला आरती के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े। वीआईपी एंट्री के कारण इस प्रकार का हादसा होने की बात कही जा रही है।बांके बिहारी मंदिर के सेवादारों का कहना है कि अधिकारियों के परिजन छत पर बनी बालकनी से दर्शन कर रहे थे। परिजनों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों की ओर से ऊपरी मंजिल के गेट बंद करा दिए गए। इससे लोगों को बचाने में परेशानी आई। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि जिले के तमाम प्रशासनिक, पुलिस और जिला कोर्ट के अधिकारी अपने परिजनों सहित वीआईपी दर्शन करने में व्यस्त रहे। रात 2 बजे जब मंगला आरती शुरू होने से पहले ही भीड़ का दबाव काफी बढ़ गया था। भक्त बेहोश हो रहे थे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने पहले परिवारों को सुरक्षित वहां से निकाला।घटना के बाद प्रशासनिक इंतजाम पर सवाल खड़े होने लगे हैं। अधिकारियों के एक वर्ग का दावा है कि इस बार सीनियर अधिकारी कुछ अधिक ही आत्मविश्वास से भरे थे। मंदिर समिति के साथ जन्माष्टमी के मौके पर भीड़ नियंत्रण को लेकर कोई बैठक नहीं हुई। अब परिणाम सामने है।