Homeराज्यो से ,slider news,
कौन होगा दिल्ली का उप राज्यपाल, इन नामों पर अटकलें तेज

नजीब जंग के व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा देने के बाद केंद्र सरकार जल्द ही दिल्ली के नए उपराज्यपाल के नाम की घोषणा कर सकती है। ऐसी खबर है कि पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार रात इस पर चर्चा की।

मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृह सचिव रहे अनिल बैजल उप राज्यपाल की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। विवादों के कारण हटाए गए चंडीगढ़ के प्रशासक के जे अलफोंसे के नाम की भी चर्चा है।

बताया जा रहा है कि इन दो नामों के अलावा तीन और लोगों के नामों की अटकलें लगाई जा रही हैं। दिल्ली के उप राज्यपाल के लिए भाजपा नेता जगदीश मुखी, दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त बीएस बस्सी और पुडुचेरी की उप राज्यपाल किरण बेदी भी दौड़ में हैं।

कौन हैं अनिल बैजल
बैजल 1969 बैच के आईएएस अफसर रहे हैं। कार्यकाल के दौरान उनकी छवि एक तेजतर्रार अधिकारी के तौर पर रही। वह दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे चुके हैं। इसके अलावा वह इंडियन एयरलाइंस के सीएमडी, प्रसार भारती के सीईओ और गोवा के डेवलपमेंट कमिश्नर भी रह चुके हैं।

बस्सी ऐसे शख्स हैं जिनका अपने कार्यकाल के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल से मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं। केजरीवाल उन पर केंद्र के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते रहे हैं।

वहीं किरण बेदी अन्ना आंदोलन में केजरीवाल के साथ रही हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उनको दिल्ली का सीएम कैंडिडेट घोषित कर दिया और उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। वह कृष्णानगर से खुद चुनाव हार गईं और सक्रिय राजनीति से अलग हो गईं। फिर केंद्र ने उनको पुडुचेरी का उप राज्यपाल बना दिया।

भाजपा नेता जगदीश मुखी दिल्ली के पूर्व वित्त मंत्री रह चुके हैं। उनको देश के बेहतरीन योजना मंत्री का सम्मान मिल चुका है। दिल्ली विधानसभा में दो बार उनको बेस्ट एमएलए का खिताब मिल चुका है।

Share This News :