Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
वायुसेना होगी और ताकतवर, सी17 परिवहन विमान समेत कई रक्षा सौदों को हरी झंडी

भारतीय वायुसेना और ताकतवर होने जा रही है। सरकार ने आज परिवहन विमान सी 17 को खरीदने के लिए हरी झंडी दे दी। इसके अलावा 5500 करोड़ रुपये में छह बहुउद्देश्यीय समुद्री विमान खरीदने के लिए तटरक्षक के प्रस्ताव को भी मंजूर कर लिया।

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की अध्यक्षता वाली रक्षा खरीद परिषद (डीएसी) ने डीआरडीओ के कामकाज की भी समीक्षा की और 1265 करोड़ रुपये की लागत से इन्फेंट्री लड़ाकू विमानों के लिए स्वदेश में डिजाइन और विकसित 1500 न्यूक्लियर बायलॉजिकल एंड केमिकल (एनबीसी) युद्ध संरक्षण प्रणाली की खरीद को भी मंजूरी दी।

डीएसी ने 419 करोड़ रुपये में 500 निम्न स्तर के हल्के राडारों की खरीद के लिए सेना और वायुसेना के एक और प्रस्ताव को भी मंजूर किया। समझा जाता है कि विशेष बलों के लिए शस्त्र और गोलाबारूद खरीदने के लिए दो ‘गोपनीय’ प्रस्तावों और एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (अवाक्स) से संबंधित एक प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गयी है।

तटरक्षक के लिए सी295 विमान का चयन किया जा सकता है जिसे वायु सेना के एव्रो परिवहन बेड़े की जगह पर लेने के लिए पहले ही बातचीत हो चुकी है। जब पूछा गया कि वायु सेना पहले ही 10 सी17 विमान होने के बाद इस श्रेणी का केवल एक अतिरिक्त विमान क्यों खरीद रही है, इस पर सूत्रों ने कहा कि क्योंकि बोइंग के पास केवल यही विमान उपलब्ध था।

Share This News :