इस कांग्रेसी CM के फरमान से खुश हुए गडकरी, कहा- अभिनंदन करता हूं...यही रंग देश के लिए जरूरी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आदेश दिया था कि सूबे के सभी सरकारी भवनों की रंगाई में गोबर से बने पेंट का इस्तेमाल होना चाहिए. जिसकी तारीफ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कर रहे हैं. दोनों के बीच ये बातचीत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Twitter पर हुई. दरअसल दो दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आदेश दिया था कि सूबे के सभी सरकारी भवनों की रंगाई में गोबर से बने पेंट का इस्तेमाल होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो एक्शन लिया जाएगा, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही भी की जाएगी. क्योंकि इस संदर्भ में पहले ही सरकार आदेश जारी कर चुकी है.
भूपेश बघेल की तारीफ
भूपेश बघेल से इस फैसले की तारीफ करते हुए नितिन गडकरी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'छत्तीसगढ़ के सरकारी विभागीय निर्माणों में गोबर से बने प्राकृतिक पेंट के इस्तेमाल का आग्रह करते हुए अधिकारियों को निर्देश देने के लिए मैं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी का अभिनंदन करता हूं. उनका यह निर्णय सराहनीय और स्वागत योग्य है. प्राकृतिक पेंट का उपयोग न केवल पर्यावरण की रक्षा करेगा बल्कि किसानों को रोजगार का नया अवसर भी प्रदान करेगा. जिससे देश के किसानों को लाभ होगा.
नितिन गडकरी के ट्वीट पर भूपेश बघेल ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लिखा, सादर धन्यवाद! आदरणीय नितिन गडकरी जी. छत्तीसगढ़ की सरकार के इस कर्मयोग को एक "कर्मयोगी' ही समझ सकता है. सिर्फ बातों से नहीं, नेक इरादों से देश और प्रदेश दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं. गोधन और श्रम का सम्मान गांधी का रास्ता है.हम उसी पर आगे बढ़ रहे हैं.