जमीन धंसने से जोशीमठ में मंदिर गिरा , घरों में दरारें
उत्तराखंड के जोशीमठ में एक बड़ा अस्थायी पुनर्वास केंद्र बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाई लेवल मीटिंग में कहा कि सुरक्षित जगह पर यह पुनर्वास केंद्र बनाया जाए। साथ ही, उन्होंने डेंजर जोन को तत्काल खाली कराने के लिए कहा।
जमीन धंसने से जोशीमठ में मंदिर गिरा
जोशीमठ के सिंगधार वार्ड में शुक्रवार शाम एक मंदिर ढह गया। इससे स्थानीय लोग काफी चिंतित हैं। अधिकारियों ने बताया कि जब यह घटना हुई तो मंदिर के अंदर कोई नहीं था, क्योंकि पिछले 15 दिनों में बड़ी दरारें आने के बाद इसे छोड़ दिया गया था।
वहीं, आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने कहा कि कई घरों में बड़ी दरारें आ गई हैं और करीब 50 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन के अधिकारियों समेत विशेषज्ञों की एक टीम ने जोशीमठ में प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टु-डोर सर्वे शुरू कर दिया है।
561 घरों में दरारें, अगले आदेश तक प्रोजक्ट रुका
उत्तराखंड के चमौली जिले में जमीन और पहाड़ धंस रहे हैं। जोशीमठ के 561 घरों में दरारें आ गई हैं। आपदा की आहट के चलते केंद्र सरकार ने सरकार ने NTPC तपोवन-विष्णुगढ़ जल विद्युत परियोजना और हेलंग बाईपास का काम अगले आदेश तक रोक दिया है।सबसे ज्यादा रविग्राम वार्ड के घरों में दरारें
जोशीमठ में कुल 561 घरों-दुकानों में जमीन धंसने के बाद दरारें मिलने की जानकारी सामने आई। इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित 153 घर रविग्राम वार्ड के हैं। 561 में से गांधीनगर वार्ड में 127, मारवाड़ी वार्ड में 28, लोअर बाजार वार्ड में 24, सिंहधर वार्ड में 52, मनोहर बाग वार्ड में 71, अपर बाजार वार्ड में 29, सुनील वार्ड में 27, 50 परसारी में और रविग्राम में 153 मकान-दुकानों में दरारें दर्ज की गई हैं।
विस्थापन शुरू, अब तक 38 परिवार हटाए
राज्य सरकार ने गुरुवार को 2,000 प्री-फैब्रिकेटेड हाउस बनाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही 38 सबसे अधिक प्रभावित परिवारों को शिफ्ट भी कर दिया है। गुरुवार को कुल नौ परिवार विस्थापित हुए, जिनमें चार जोशीमठ नगर निगम, एक गुरुद्वारा जोशीमठ, एक टूरिस्ट हॉस्टल मनोहर बाग का परिवार शामिल है।
चमोली जिला प्रशासन ने गुरुवार को हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (HCC) और नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (NTPC) को भूमि धंसने के कारण उत्तराखंड के जोशीमठ से पलायन करने वाले प्रभावित परिवारों को आश्रय देने के लिए तैयार रहने को कहा।
विरोध के बाद सरकार ने टीम बनाई, कारण खोजेगी
राज्य सरकार ने जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, वाडिया इंस्टिट्यूट और IIT रुड़की के वैज्ञानिकों की टीम बनाई है। यह कारण खोजेगी। प्रदेश भाजपा संगठन ने भी 14 सदस्यीय कमेटी बनाई है।