Homeखेल ,
वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत:भारत ने श्रीलंका को 317 रन से हराया, न्यूजीलैंड का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा; विराट की 46वीं सेंचुरी

टीम इंडिया ने रविवार को वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। भारत ने श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में 317 रन से हराया। भारत ने इस मामले में न्यूजीलैंड का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। कीवी टीम ने 2008 में आयरलैंड को 290 रन से हराया था।

इस मैच में टीम इंडिया ने एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वह वनडे इतिहास में किसी एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम भी बनी। भारत ने वनडे क्रिकेट में श्रीलंका को 96 बार हराया है। दोनों टीमों के बीच कुल 165 वनडे खेले गए हैं। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के 95 जीत के वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

विराट कोहली, शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज जीत के हीरो रहे। विराट ने 166* रन की पारी खेलते हुए 46वां वनडे शतक जमाया। शुभमन गिल ने 116 रन बनाए। भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 390 रन का विशाल स्कोर बनाया। कोहली प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।

जवाब में श्रीलंकाई टीम 22 ओवर में 9 विकेट पर 73 रन के स्कोर पर ही सिमट गई। एक बल्लेबाज ने घायल होने की वजह से बैटिंग नहीं की। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। श्रीलंका के 7 बल्लेबाज डबल फिगर में भी नहीं पहुंच पाए।

श्रीलंका से 23 साल पुराना हिसाब चुकता
वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम को सबसे बड़ी हार साल 2000 में श्रीलंका के खिलाफ मिली थी। तब श्रीलंका ने टीम इंडिया को 245 रन से हराया था। अब भारत ने श्रीलंका को उसकी सबसे बड़ी हार थमा दी है। साल 2000 में शारजाह में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने सनथ जयसूर्या (189 रन) के शतक की बदौलत 299 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय पारी 54 रन पर सिमट गई थी।
अब भारत ने विराट की दमदार परी के दम पर विशाल स्कोर बनाया और श्रीलंका को बेहद मामूली स्कोर पर समेट दिया.

ऐसे गिरे श्रीलंका के विकेट

  • पहला: दूसरे ओवर की 5वीं गेंद पर सिराज ने अविष्का फर्नांडो को गिल के हाथों कैच कराया।
  • दूसरा : सिराज ने चौथे ओवर की आखिरी बॉल पर मेंडिस को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया।
  • तीसरा : शमी ने 7वें ओवर की तीसरी बॉल पर चरिथ असलंका को अक्षर के हाथों कैच कराया।
  • चौथा : 8वें ओवर की तीसरी बॉल पर सिराज ने फर्नांडो को बोल्ड कर दिया।
  • पांचवां : 10वें ओवर की तीसरी बॉल पर सिराज ने हसरंगा को बोल्ड कर दिया।
  • छठा : सिराज ने करुणारत्ने को रन आउट कर दिया।
  • सातवां : कुलदीप यादव ने कप्तान दसुन शनाका को बोल्ड कर दिया।
  • आठवां : शमी ने दुनिथ वेलागे (कन्कसन) को यादव के हाथ कैच कराया।
  • नौवां : लाहिरू कुमार को कुलदीप ने बोल्ड कर दिया। (श्रीलंका का 11वां बल्लेबाज चोट के कारण नहीं उतर सकता। ऐसे में उसे अब्सेंट हर्ट दिया गया।)

Share This News :