Home > राज्यो से ,slider news,
फ्लाइट हवा में लहराई:लैंडिंग फेल, 40 मिनट हवा में रही फ्लाइट, यात्रियों को लगे झटके

प्रयागराज से भोपाल आ रही इंडिगो की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा घटनाक्रम होने से बच गया। लैंडिंग से पहले फ्लाइट हवा में लहराने लगी। पहले प्रयास में लैंडिंग नहीं हो सकी तो पायलट एयरक्राफ्ट को वापस हवा में ले गए, इससे फ्लाइट में लगातार वाइब्रेशन आते रहे जिससे यात्री दहशत में आ गए।

करीब 40 मिनट तक एयरक्राफ्ट हवा में घूमता रहा, जिसके बाद दूसरे प्रयास में सुरक्षित लैंडिंग हो सकी। यात्री डॉ. सीएम नौटियाल ने बताया कि इंडिगो की प्रयागराज-भोपाल फ्लाइट (6ई-7925) को दोपहर 1:10 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड होना था, लेकिन तेज हवा चलने से एयरक्राफ्ट पर हवा का तेज प्रेशर था।

हवा से पूरा एयरक्राफ्ट हिल रहा था। इस वजह से पहले प्रयास में लैंडिंग नहीं हो सकी। इस दौरान 40 मिनट एयरक्राफ्ट हवा में ही घूमता रहा। इसके बाद लैंडिंग हो सकी। इंडिगो की मीडिया हेड प्रतीक्षा भाटिया के मुताबिक तेज हवा में लैंडिंग के लिए पायलट ने राउंड लिया था, जिससे विंग्स को एडजस्ट किया जा सके।

74 लोग सवार थे फ्लाइट में...

इस फ्लाइट में क्रू-मेंबर्स समेत 74 लोग सवार रहे। कई यात्री राजधानी में होने वाले इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में शामिल होने आ रहे थे। इनमें लखनऊ के सेंट्रल ड्रग इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और प्रसिद्ध कवि पंकज प्रसून समेत कई साइंटिस्ट हैं। पंकज ने बताया कि लैंडिंग संबंधी या अन्य कोई एनाउंसमेंट नहीं किया, जिससे यात्रियों में घबराहट थी।

Share This News :