Home > राज्यो से ,slider news,
BBC की डॉक्यूमेंट्री पर JNU में पथराव:NSUI बोला- बड़े संस्थानों में दिखाएंगे डॉक्यूमेंट्री

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में BBC की प्रतिबंधित डॉक्यूमेंट्री को लेकर मंगलवार देर रात को बवाल हो गया। देर रात QR कोड से मोबाइल पर डाउनलोड करके डॉक्यूमेंट्री देख रहे छात्रों पर पथराव किया गया। पथराव किसने किया, यह पता नहीं चल पाया है। अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर भाग गए। इससे पहले यहां छात्र संघ कार्यालय की बिजली और इंटरनेट मंगलवार रात बंद कर दिया गया था, जिसे देर रात बहाल कर दिया गया है।

इधर, कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) ने ऐलान किया है कि BBC की डॉक्यूमेंट्री देशभर के बड़े संस्थानों में दिखाई जाएगी।

JNU के छात्रों ने वसंत कुंज थाने तक मार्च किया। छात्रों ने थाने के बाहर धरने पर बैठकर प्रोटेस्ट किया। JNU स्टूडेंट यूनियन की प्रेसिडेंट आइसी घोष ने पत्थरबाजी के लिए ABVP पर आरोप लगाया। आइसी ने कहा- हमने 25 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वे मामले की जांच करेंगे।

आइसी ने आगे कहा कि जिन लोगों को चोट लगी है वे भी इलाज के बाद पुलिस स्टेशन में अपना बयान देंगे। थाने के अलावा JNU प्रशासन से भी हम शिकायत करेंगे। हमने फिलहाल प्रोटेस्ट रोक दिया है, लेकिन हम चाहते हैं कि पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

राहुल बोले- सच हमेशा सामने आता है
जब राहुल गांधी से मामले में सवाल पूछा गया तो उन्होंने डॉक्यूमेंट्री बैन करने को गलत बताया है। राहुल ने कहा कि अगर आपने हमारे शास्त्रों को पढ़ा है, या आपने भगवत गीता या उपनिषदों को पढ़ा है तो आप देख सकते हैं कि सच्चाई हमेशा सामने आती है। आप उसे कैद नहीं कर सकते हैं। आप मीडिया को दबा सकते हैं। आप संस्थानों को कंट्रोल कर सकते हैं, आप CBI, ID और सभी चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन सच तो सच होता है।

हैदराबाद की सेंट्रल यूनिवर्सिटी में हुई थी स्क्रीनिंग
पुलिस के अनुसार, हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सोमवार को स्टूडेंट्स के एक समूह ने कैंपस के अंदर डॉक्यूमेंट्री "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" की स्क्रीनिंग की। पुलिस ने कहा कि इस बारे में लिखित शिकायत मिलने पर जांच शुरू की जाएगी।

Share This News :