जासूसी गुब्बारा मार गिराने पर तिलमिला उठा चीन, अमेरिका को दे डाली ये नसीहत
आखिरकार अमेरिका ने चीन के 'जासूसी गुब्बारे' को मिसाइल से शूट डाउन कर ही दिया. इसे अमेरिकी फाइटर जेट F-22 रैप्टर एयरक्राफ्ट की मदद से अटलांटिक महासागर के ऊपर मार गिराया गया. हालांकि, अमेरिका के इस कदम से चीन बिल्कुल भी खुश नहीं है, उसने बयान जारी कर अमेरिका को कड़ी नसीहत दी है. जासूसी गुब्बारे के मलबे से किसी को नुकसान न पहुंचे, इसलिए इसे अमेरिका के साउथ कैरोलिना के समुद्री तट से करीब 9.6 किलोमीटर (6 मील) दूर अटलांटिक महासागर में शूट डाउन किया गया. अमेरिका के इस कदम से चीन बुरी तरह भड़क गया है. गुब्बारा गिराए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हम चाहते थे कि अमेरिका इस मुद्दे को शांति के साथ हल करे. लेकिन अमेरिका ने हमारे सिविलियन एयरशिप (जासूसी गुब्बारा) को मार गिराया. हम इसके खिलाफ अपना विरोध जताते हैं. अमेरिका ने इसे अंजाम देकर अंतर्राष्ट्रीय मानकों का उल्लंघन किया है. चीन अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.