महाशिवरात्रि पर महाकाल के दर्शन करने में नहीं लगेगा ज्यादा वक्त, जानिए कैसी रहेगी व्यवस्था
ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि पर सिंहस्थ महापर्व जैसे इंतजाम होंगे। भक्तों को चार गेट से 12 कतारों के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। निर्गम के लिए तीन द्वार रहेंगे। इंदौर व बड़नगर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने की जानकारी देने के लिए तीन किलोमीटर दूर से साइनेज लगाए जा रहे हैं। महाशिवरात्रि पर भक्त बाबा महाकाल के दर्शन सुबह चार बजे से ही कर सकेंगे। इतना ही नहीं भस्म आरती के दौरान भी भक्तों को बाबा महाकाल के दर्शन करने मिलेंगे। भस्मारती में भक्तों को कार्तिकेय मंडपम से प्रवेश मिलेगा। भक्त आरती के दौरान यहां चलित दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासन का दावा है कि बेहतर इंतजामों से भक्तों को महापर्व पर 50 मिनट में भगवान महाकाल के दर्शन होंगे। दर्शन व्यवस्था की रिहर्सल भी की जाएगी। मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि इस बार भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इंदौर, देवास, बड़नगर आदि क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए शहर से दूर 14 पार्किंग सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं। यहां बसों व चौपहियां वाहनों को पार्क कराया जाएगा।
आठ किलोमीटर की रहेगी बैरिकेडिंग
महाशिवरात्रि पर कर्कराज पार्किंग से चारधाम, त्रिवेणी, महाकाल महालोक में तीन लेयर बैरिकेड में करीब आठ किलोमीटर क्षेत्र में लगवाने बैरिकेडस लगाए गए हैं। इनमें करीब साढ़े तीन किलोमीटर की लंबाई के बैरिकेडस मंदिर समिति ने स्वयं बनवाए हैं। जिन स्थानों पर बैरिकेडस लग चुके हैं, वहां मार्ग को धोकर साफ कर अब कारपेट बिछाने का काम शुरू होगा।
जीरो वेस्ट के सिद्धांत पर होगा आयोजन
महाशिवरात्रि दीपोत्सव को शिव ज्योति अर्पणम 2023 का नाम दिया गया है। पर्व पर 21 लाख दीप प्रज्जवलित कर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बनाया जाएगा। इससे पहले उज्जैन में वर्ष 2022 में महाशिवरात्रि पर 11 लाख 71 हजार 78 दीये प्रज्जवलित करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था।
मंदिर तक पहुंचने के लिए चलेंगी नि:शुल्क बसें
पार्किंग से महाकाल मंदिर तक पहुंचने के लिए 100 नि:शुल्क बसें चलाई जाएंगी। इनमें श्रद्धालु कर्क राज पार्किंग तक पहुंचेंगे। यहां जूता स्टैंड का इंतजाम रहेगा। यहां जूते-चप्पल उतारने के बाद श्रद्धालु दर्शन की कतार में लगेंगे। चार धाम, त्रिवेणी संग्रहालय, महाकाल लोक होते हुए दर्शनार्थी मानसरोवर गेट से मंदिर में प्रवेश करेंगे। यह संपूर्ण मार्ग करीब तीन किलोमीटर का रहेगा। इसमें तीन कतार में लगाए गए बैरिकेड्स से श्रद्धालुओं को मानसरोवर गेट तक लाया जाएगा। पूरे मार्ग पर छांव के लिए शामियाने लगाए गए हैं। इसके बाद कारपेट बिछाया जाएगा। इससे भक्तों को पैदल चलने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी।
छह नंबर गेट से अलग-अलग कतार
मानसरोवर गेट से मंदिर में प्रवेश करने के बाद भक्त महाकाल टनल से होते हुए छह नंबर गेट से परिसर में आएंगे, यहां से अलग-अलग कतार में भक्तों को कार्तिकेय व गणेश मंडपम से भगवान महाकाल के दर्शन कराए जाएंगे। इसके लिए कार्तिकेय मंडपम में वर्तमान प्रवेश द्वार के अलावा दो और द्वार का निर्माण कराया गया है। इस व्यवस्था से अकेले कार्तिकेय मंडपम के तीन गेट से नौ कतारों के जरिए भक्तों को प्रवेश दिया जाएगा। नंदी हॉल के रेंप से भी तीन कतारें चलाई जाएगी। इस प्रकार चार गेट से 12 कतारों में भक्त भीतर प्रवेश करेंगे।