तलवारें-बंदूकें लेकर पहुंचे अमृतपाल के हजारों समर्थकों ने तोड़े बैरिकेड, पुलिसकर्मियों से की मारपीट
सिख संगठन वारिस पंजाब दे के मुखी अमृतपाल सिंह की ओर से अजनाला पुलिस को दी गई धमकी के बाद गुरुवार को अजनाला थाने के बाहर अमृतपाल के हजारों समर्थकों ने तलवारों और बंदूकों के साथ हंगामा कर दिया। अमृतपाल के समर्थकों ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिया। इस दौरान अमृतपाल के समर्थकों ने कुछ पुलिस कर्मचारियों के साथ बुरी तरह मारपीट भी की। कुछ गाड़ियां भी भीड़ में शामिल लोगों की ओर से तोड़ी गई है। जैसे ही भीड़ ने पुलिस नाकों पर हमला किया तो वहां तैनात पुलिस कर्मचारी पीछे हट गए।
इसके बाद अमृतपाल और उसके समर्थक मार्च करते हुए थाने के बिल्कुल बाहर पहुंच गए और अमृतपाल के समर्थकों ने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। अमृतपाल ने सरकार को एक घंटे का अल्टीमेटम दिया है। पुलिस अधिकारी अमृतपाल के समर्थकों के साथ बातचीत कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ है। अमृतपाल और उसके समर्थक एक ही बात पर अड़े हुए हैं कि उनके ऊपर दर्ज एफआईआर को रद्द किया जाए और जो दो आदमी उनके पकड़े गए हैं उनको तुरंत रिहा किया जाए।अमृतपाल सिंह के कुछ समर्थक सुबह थाना अजनाला के बाहर पहुंचे जहां पहले ही तैनात पुलिस बल ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में जब अमृतसर देहात के एसएसपी मौके पर पहुंचे तो हिरासत में लिए युवकों को छोड़ दिया गया। अजनाला और इसके आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। अमृतपाल सिंह ने चेतावनी दी थी कि अगर उस पर और उसके साथियों पर दायर एफआईआर बुधवार शाम तक रद्द न की गई तो वह अपने समर्थकों समेत थाना अजनाला का घेराव करने पहुंचेगा।