Home > राज्यो से ,slider news,
भाजपा की आपसी लड़ाई में फंसा नेता प्रतिपक्ष का सिलेक्शन

राजस्थान विधानसभा के इस सत्र की अगली कार्यवाही 28 फरवरी से शुरू होगी। भारतीय जनता पार्टी बिना नेता प्रतिपक्ष के विधानसभा में शामिल होगी। हालांकि उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सदन में होंगे, लेकिन उप नेता प्रतिपक्ष का विधानसभा के नियमों में कोई पद नहीं है।ऐसे में अब नेता प्रतिपक्ष को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज होंगी। राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष को लेकर कई संभावनाएं जताई जा रही हैं। राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष बनाना बीजेपी के लिए कितना चुनौतीपूर्ण है और यह कैसे राजस्थान की राजनीति पर असर डालेगा.

राजस्थान बीजेपी में इस वक्त स्थितियां बेहद उलझी हुई हैं। राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष को लेकर अब तक जहां पार्टी स्पष्टता नहीं दे पाई है, वहीं दूसरी ओर गुलाबचंद कटारिया के असम का राज्यपाल बनाए जाने से अब नेता प्रतिपक्ष के लिए नेता के चयन का एक नया सिरदर्द पार्टी के लिए खड़ा हो गया है।

इसी बीच, केंद्र सरकार में मंत्रिमंडल पुनर्गठन भी होना है, उसे लेकर भी राजस्थान से कुछ नेता लाइन में खड़े हैं। इधर, राजस्थान में संगठन महामंत्री के बदले जाने की चर्चाएं और अफवाहें भी जोरों पर हैं। चुनाव से ठीक 8 महीने पहले बीजेपी के लिए सोशल इंजीनियरिंग को ध्यान में रखते हुए इन पदों पर नेताओं की नियुक्ति करना टेड़ी खीर है।

आपसी खींचतान है सबसे बड़ा सिरदर्द

राजस्थान उन राज्यों में है, जहां बीजेपी के भीतर आंतरिक खींचतान चरम पर है। राजस्थान में नेताओं के धड़े आपस में बंटे हुए हैं। इसका हालिया नमूना तब देखने को मिला जब एक ओर 4 मार्च को जहां वसुंधरा राजे का जन्मदिन महोत्सव सालासर में मनाए जाने की तैयारियां चल रही थीं।वहीं, दूसरी ओर प्रदेश संगठन की ओर से 4 मार्च को रीट भर्ती प्रकिया से जुड़ी अव्यवस्थाओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन की तारीख तय कर दी गई। इसे लेकर दोनों धड़ों के नेताओं के अपने मत हैं। ऐसे में खींचतान के बीच बीजेपी के लिए नए नेताओं की नियुक्ति किसी माथापच्ची से कम नहीं।

Share This News :