Home >
राज्यो से ,slider news, विधानसभा चुनाव के लिए कमल नाथ को फ्री-हैंड, ले सकेंगे सभी फैसले
भोपाल। नवंबर 2023 में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का चेहरा पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ही रहेंगे। क्षेत्रीय स्तर पर वरिष्ठ नेताओं की भूमिका भी तय होगी। सबको अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
इसके लिए जल्द ही राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें चुनाव अभियान की रूपरेखा से लेकर प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चा होगी। रायपुर में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मप्र के विधानसभा चुनाव को लेकर हर तरह के फैसले लेने के लिए मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को फ्री हैंड दिया है।पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने कमल नाथ पर भरोसा जताया है, उससे साफ हो गया है कि मध्य प्रदेश में वे ही नेतृत्व करेंगे। उन्हें फ्री-हैंड भी दिया गया है ताकि पार्टी को अपेक्षित परिणाम हासिल हो सके। इसी हिसाब से चुनाव को लेकर कमल नाथ भी तैयारी कर रहे हैं।
अनुसूचित-जनजाति वर्ग के लिए सुरक्षित 47 सीटों को लेकर तीन दौर की बैठक हो चुकी है। चुनाव अभियान को लेकर कार्ययोजना बनाने को राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक भी जल्द बुलाई जाएगी। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव हों या फिर सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह, जीतू पटवारी, सबको अलग-अलग जिम्मेदारी दी जाएंगी। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पिछले चुनाव की तरह कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का सिलसिला प्रारंभ कर दिया है। वे बैरसिया, गोविंदपुरा और बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुके हैं। इसके पूर्व वे सागर गए थे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं को सत्ता के इशारे पर झूठे प्रकरणों में फंसाने की शिकायतें हैं। जल्द ही दतिया में भी बड़ा कार्यक्रम होने वाला है। उन्हें कमल नाथ ने कार्यकर्ताओं से जुड़े मामले देखने के लिए गठित समिति की जिम्मेदारी भी दी है।
अप्रैल से प्रारंभ हो जाएंगे दौरे ;प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं के अप्रैल से दौरे प्रारंभ हो जाएंगे। संभागीय स्तर पर जो सम्मेलन होंगे, उसमें क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया जाएगा ताकि कार्यकर्ताओं के बीच यह संदेश स्पष्ट रूप से जाए कि कहीं कोई गुटबाजी नहीं है। प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल सहित चारों सह-प्रभारियों के जिलेवार दौरे भी जल्द प्रारंभ होंगे। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा का कहना है कि कमल नाथ सभी को साथ लेकर चलने वाले सर्वमान्य नेता हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन पर पूरा भरोसा करता है। उनके कुशल चुनाव प्रबंधन का कोई मुकाबला नहीं है। वे जो भी फैसले लेंगे ,पार्टी हित में होंगे।
Share This News :