Home > राज्यो से ,slider news,
गिरे ओले:MP में बदला मौसम, कई जिले भीगे; गाज गिरने से महिला की मौत

मध्यप्रदेश में शनिवार की शाम अचानक मौसम बदल गया। भोपाल में शाम को बादल छाने के बाद तेज बारिश होने लगी। रतलाम, बैतूल और राजगढ़ में भी तेज बारिश हुई है। आगर जिले के नलखेड़ा में ओले गिरे। इंदौर में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। ग्वालियर -चम्बलसमभाग के कई जिलों में वरिष्ठ और ओले गिरे। प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे। इधर धार में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

तेज आंधी और बारिश के कारण शाजापुर जिले के शुजालपुर और खंडवा में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ गई। साथ ही लहसुन, प्याज, गेहूं और मसूर की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बादल छाने के बावजूद दिन व रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आएगा। 7 मार्च के बाद गर्मी का असर बढ़ेगा। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा।

आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। साथ ही क्षेत्र के कुशलपुरा गांव में ओले भी गिरे। यहां पिछले तीन दिनों से बादल छाए हुए हैं। शाजापुर के अकोदिया क्षेत्र में भी बादल छाए और तेज हवाएं चली। रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र के पिपलौदा में दोपहर बाद बारिश हुई। यहां करीब 20 मिनट तक बूंदाबांदी हुई।​​​

आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत
धार में शनिवार को खेत पर काम कर रही महिला पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना जिले के बरमंडल पंचायत के मजरे नाहरखाली गांव में हुई। जानकारी के अनुसार गुड्डीबाई पति मुन्नालाल अपने परिवार के साथ खेत पर गेहूं कटाई का कार्य करवा रही थी। तभी करीब 4 बजे मौसम बदला, बादलों की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। जिससे गुड्डी बाई अचेत हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Share This News :