सालासर में वसुंधरा की विशाल सभा के संकेत और उनके चेहरे की भाषा
नेता जो बोलते हैं, उसकी तो कोई सीमा नहीं है। शायद किसी मर्यादा पर भी वे नहीं रुकते। लेकिन राजनीति में चेहरों की भाषा बड़ी महत्वपूर्ण होती है। साफ-साफ़ पढ़ी भी जा सकती है। राजस्थान जहां की राजनीति में पूरे साढ़े चार साल तक अशोक गहलोत और सचिन पायलट की खटर-पटर के अलावा कुछ भी सुनाई नहीं दिया, उसी धोरों की धरती पर आजकल वसुंधरा राजे के चेहरे को खूब पढ़ा जा रहा है। चुनावी साल में ही सही, उनके चेहरे पर बड़ी मुस्कान लौट आई है।
लगता है देर से ही सही, मुख्यमंत्री पद के कई भाजपाई दावेदारों में से उनका चयन होने का संकेत उन्हें मिल चुका है। मिलना भी था, क्योंकि दो बार वसुंधरा ने अपने दम पर राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाई थी। हमेशा की तरह उनकी सभाओं में इस बार भी अपार भीड़, ख़ासकर महिलाओं की भीड़ जुटने लगी है।
सालासर बालाजी में वसुंधरा राजे ने एक तरह से अपनी ताक़त दिखाई। पार्टी के 12 सांसद, 52 विधायक और 118 पूर्व विधायकों का यहाँ जमावड़ा होने का दावा किया जा रहा है। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह खुद भी सालासर पहुँचकर बधाई देने से नहीं चूके।
इस सभा में वसुंधरा के भाषण में भी पार्टी आलाकमान और प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता का भाव दिखा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अब राजस्थान के सिर पर विकास का मुकुट लगने से कोई नहीं रोक सकता। इसका सीधा सा अर्थ यह समझा जा रहा है कि भाजपा की ओर से अगला चुनाव राजस्थान में वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। इस सभा में बहुत कुछ पहली बार हुआ।
पहली बार पार्टी के इतने नेता एक साथ जुटे। पहली बार वसुंधरा ने अशोक गहलोत सरकार की कई कमियाँ एक साथ गिनाईं। पहली बार वे राजस्थान कांग्रेस में लम्बे समय से चली आ रही श्रेष्ठता की लड़ाई पर खुलकर बोलीं। इसका साफ़ संकेत है कि जब उनके नेतृत्व में ही लड़ाई जीतने की तैयारी होनी है तो गहलोत सरकार की ख़ामियाँ और कांग्रेस के आपसी विवाद सामने लाए बिना तो संभव है नहीं।
वैसे राजनीति में नेताओं की इतनी बड़ी फ़ौज एक साथ तभी जुटती है जब इस बारे में ऊपर से भी कोई संकेत मिल जाते हों! लगता है संकेत मिल चुके हैं और वसुंधरा राजे गाजे-बाजे के साथ अगली लड़ाई के लिए तैयार हो चुकी हैं। अगर उन्हें आगे नहीं किया जाता तो पार्टी को इसका कुछ न कुछ नुक़सान तो राजस्थान में उठाना ही पड़ता। समझा जाता है कि फ़ायदे-नुक़सान का यही सारा गणित भिड़ाने के बाद पार्टी आलाकमान ने वसुंधरा राजे को आगे करने का निर्णय लिया होगा।
उनके आगे आने से बाक़ी जो दावेदार यहाँ-वहाँ उग आए थे, अपने आप शांत हो जाएँगे, यह भी माना जा रहा है। आख़िर किसी राजनीतिक पार्टी को किसी चुनावी समर में जीत के सिवाय और चाहिए ही क्या? चुनाव में तो सारे निर्णय जीत की ख़ातिर ही लिए जाते हैं।