Home > राज्यो से ,slider news,
कलेक्टर कार्यालय की लेखा शाखा के बाबू ने किया एक करोड़ रुपये का घपला

इंदौर । कीट व्याधि से फसल के नुकसान पर सरकार चार साल से किसानों के खाते में राहत राशि भेजती रही। सरकार आश्वस्त थी कि पैसा किसानों के खाते में जा रहा है, लेकिन कई आनलाइन ट्रांजेक्शन फेल हो जाते थे। कलेक्टर कार्यालय की लेखा शाखा के बाबू मिलाप चौहान के मन में लालच जागा और वह फेल हो चुके ट्रांजेक्शन के पैसे कुछ दिन बाद पत्नी के नाम से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लेता। इस तरह वर्ष 2018 से लेकर अब तक उसने एक करोड़ से अधिक का शासकीय धन अवैध तरीके से निकाल लिया।

कोष एवं लेखा विभाग के भोपाल मुख्यालय ने इस आनलाइन हेराफेरी को पकड़ा तो इंदौर में अधिकारी सकते में आ गए। हेराफेरी करने वाले बाबू मिलाप को कलेक्टर डा. इलैया राजा टी ने निलंबित कर दिया है। साथ ही चार-पांच साल के बिलों के लेनदेन की जांच की जा रही है। इस जांच में जिला प्रशासन और जिला कोषालय के अधिकारियों को लगाया गया है। मामले की जांच अपर कलेक्टर राजेश राठौर, संयुक्त कलेक्टर मुनीषसिंह सिकरवार, डिप्टी कलेक्टर रोशनी वर्धमान, वरिष्ठ जिला कोष एवं लेखा अधिकारी टीएस बघेल सहित अन्य अधिकारियों की टीम कर रही है।अब तक की जांच में पता चला है कि जिन फेल ट्रांजेक्शन से अवैध तरीके से पैसा निकाला गया है, उनमें से अधिकांश वह पैसा है, जो फसलों पर कीट-पतंगों के कारण हुए नुकसान के लिए किसानों को राहत के रूप में मिलने वाले थे। सोमवार को मिलाप कार्यालय नहीं पहुंचा। जांच अधिकारियों के बुलाने पर भी वह नहीं आया। उल्लेखनीय है कलेक्टर कार्यालय की लेखा शाखा में शासन से मिलने वाली राहत राशि के अलावा अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन-भत्तों, गाड़ियों के ईंधन और अन्य कामकाज का भी भुगतान होता है। इन बिलों के भुगतान में भी धांधली की आशंका जताई जा रही है। शासकीय प्रक्रिया के अनुसार, यह बिल शासकीय कोषालय में लगाए जाते थे और वहां से आनलाइन भुगतान होता था।कलेक्टर कार्यालय की लेखा शाखा में चार साल में करीब सात करोड़ रुपये के लेनदेन के सैकड़ों ट्रांजेक्शन फेल हुए हैं। हितग्राही या खातेदार के नाम, बैंक खाते या किसी डाटा में त्रुटि के कारण यह ट्रांजेक्शन फेल होते रहे हैं। इनमें कई ट्रांजेक्शन फेल होने के बाद महीनों तक सिस्टम में पड़े रहते हैं। इस तरह बाबू उन्हीं बिलों व खातों को चुनकर घपला करता रहा जिनके ट्रांजेक्शन को फेल हुए अधिक समय हो जाता और इनकी कोई सुध नहीं लेता था।

Share This News :