मंदिर का पुजारी पत्नी का बनाया खाना नहीं खाता:कोर्ट-कचहरी नहीं, न्याय के लिए मंदिर में लिखित याचिका, दावा-3 करोड़ लोगों की मन्नतें पूरी
त्तराखंड के गोलू देवता के मंदिर में अर्जियां लगाई गई हैं। पूरा मंदिर ऐसी अर्जियों और घंटियों से भरा है। दीवारों पर एक इंच भी जगह खाली नहीं है। मान्यता ये कि यहां जिसकी अर्जी सुन ली गई, उसकी हर कोर्ट में जीत होती है।
चीड़ के पेड़ों से ढकी पहाड़ियों से देखने पर शहर किसी प्लेट में रखे सुंदर फूल सा दिखाई पड़ता है। यहां से जैसे-जैसे मैं आगे बढ़ती हूं, मंदिर की घंटियों की गूंज तेज होती जाती है।
जगह-जगह प्रसाद और चमचमाती घंटियों की दुकानें। हाथ में घंटी और मन्नतों की चिट्ठियां लिए लोगों की लंबी कतार। यहां से करीब 35 सीढ़ियां चढ़कर मैं मंदिर पहुंचती हूं। मंदिर में घुसते ही ऊपर, नीचे, दाएं-बाएं जहां तक मेरी नजर जाती है, घंटियां ही घंटियां नजर आती हैं।
इतनी घंटियां जिसकी गिनती करना मुमकिन नहीं है। मंदिर के पुजारी के मुताबिक यहां तीन करोड़ से ज्यादा घंटियां हैं। और कमोबेश इतनी ही मन्नतों की चिट्ठियां। कई घंटियां एकदम काली हो चुकी हैं। जिन्हें देखने से पता चलता है कि सालों पहले से यहां लोग घंटियां चढ़ा रहे हैं।
गर्भ गृह में चांदी की दो मूर्तियां हैं। एक गोलू देवता की और दूसरी उनकी मां कालिंका की। गोलू देवता सफेद घोड़े पर सवार हैं। उनके हाथ में धनुष-बाण और सिर पर पगड़ी। यहां के लोग इन्हें भगवान शिव का अवतार मानते हैं।
मंदिर का मुख्य पुजारी सालों से एक ही परिवार से रहा है। फिलहाल रमेश जोशी यहां के मुख्य पुजारी हैं। वे बताते हैं, ‘मंदिर में घंटी चढ़ाने का चलन कहां से शुरू हुआ, मुझे नहीं पता। मेरे पूर्वज बताते थे कि मुगलों के जमाने से ही यहां घंटियां चढ़ाई जाती रही हैं।
1936 में रामपुर के नवाब ने पांच किलो की घंटी चढ़ाई थी। इसके बाद 1951 में अंग्रेजों ने 25 किलो की घंटी चढ़ाई। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला भी यहां घंटी चढ़ा चुके हैं।
सबसे भारी घंटी एक श्रद्धालु ने चढ़ाई थी, जो 1500 किलो की थी। इसे नीचे से ऊपर पहाड़ पर ले जाना संभव नहीं था। इसलिए 50-50 किलो की 30 घंटियां बनाकर चढ़ाई गईं। यहां पर 700 किलो की एक घंटी भी है।’
रमेश जोशी बताते हैं, ‘गोलू देवता को बटुक भैरव भी कहा जाता है। बटुक भैरव भगवान शिव के अंशावतार हैं। हम लोग इन्हें न्याय के देवता के रूप में पूजते हैं। अगर किसी ने किसी पर झूठा केस किया है, किसी का मामला अदालत में है, तो वह अपनी अर्जी लेकर गोलू देवता की शरण में आता है।
ज्यादातर लोग अपनी अर्जी स्टांप पेपर पर लिखवा कर लाते हैं। जबकि कुछ लोग चिट्ठियों में भी मन्नतें लिखकर लाते हैं। न्याय मिलने के बाद लोग वापस आते हैं और यहां घंटियां चढ़ाते हैं।’
मैंने पूछा क्या वाकई न्याय मिल जाता है?
रमेश जोशी जवाब देते हैं- बिल्कुल न्याय मिलता है। न्याय मिलने के बाद ही लोग यहां घंटियां चढ़ाते हैं। ये 3 करोड़ों घंटियां लोगों ने तो ही चढ़ाई है।
वे बताते हैं, ‘किसी व्यक्ति पर जागर आता है। इसका मतलब है कि उस व्यक्ति के शरीर में गोलू देवता की आत्मा प्रवेश करती है। इसके बाद लोग उनके पास अपनी समस्याएं लेकर आते हैं। गोलू देवता खास विधि-विधान से उन समस्याओं से राहत दिलाते हैं।
इसके लिए एक खास दिन तय किया जाता है। जिस पर जागर आता है और जो परेशानी से छुटकारा चाहता है, दोनों को पूरे दिन उपवास रहना होता है। शाम में कार्यक्रम तय किया जाता है।
गाय के गोबर से आसन को लीपा जाता है। उस पर गोमूत्र का छिड़काव किया जाता है। ढोल, नगाड़े और कई तरह के साज बजाए जाते हैं। जब वह व्यक्ति हिलने लगता है, तो समझा जाता है कि उसमें गोलू देवता प्रवेश कर गए हैं।
परिवार उनसे अपनी मुश्किलें बताता है। इसके बाद वे उसका समाधान बताते हैं। यह कार्यक्रम करीब 20 मिनट तक चलता है। जागर खत्म होने के बाद उस व्यक्ति को दक्षिणा दी जाती है।’
मंदिर के पुजारी के लिए भी खास तरह के नियम हैं। जिसका पालन हर हाल में करना ही होता है। पुजारी रमेश जोशी बताते हैं, ‘हम अपना भोजन या तो खुद बनाते हैं या मां के हाथ का बना भोजन खाते हैं। बहन, बेटी और पत्नी के हाथ का बना खाना नहीं खाते हैं। उस खाने को अपवित्र माना जाता है।'
रसोई में खाना खाने के बाद उस स्थान को गाय के गोबर से लीपा जाता है। जितनी बार खाना खाया जाता है, उतनी बार लीपा जाता है।