Home > राज्यो से ,slider news,
चुनाव सामने देख हिंदुत्व की राह पर कांग्रेस

भोपाल । चुनाव की दहलीज पर खड़े मध्य प्रदेश में दिखावे की राजनीति के चटख रंग दिखने लगे हैं। राजनीति में धर्म के इस्तेमाल पर भारतीय जनता पार्टी को नसीहत देती रही कांग्रेस को भी धर्म सम्मेलनों से परहेज नहीं रह गया है। सामने चुनाव है और मुकाबला भाजपा से। ऐसे में कांग्रेस भी हिंदुत्व की राह पर चलने को मजबूर हो गई है।

इसका नजारा रविवार को प्रदेश कांग्रेस भवन में दिखा। धर्म-संवाद और मठ-मंदिर स्वायत्तता दिवस के बहाने कांग्रेस ने धर्मगुरुओं को साधने की कोशिश की। कांग्रेस भवन को भगवा रंग की पटि्टका(गमछा) से सजाया गया।

दरअसल, पुजारियों के माध्यम से बड़े वर्ग को साधने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने पहली बार मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ का गठन किया है। इसका उद्देश्य मंदिरों के संचालकों या फिर पुजारियों को जो समस्याएं आती हैं, उन्हें जानना और राज्य में सरकार बनने पर पर उनका समाधान करने के साथ तुष्टीकरण के आरोपों से मुक्ति पाना है। पार्टी यह अच्छी तरह से जानती है कि यदि सत्ता में वापसी करनी है तो बहुसंख्यकों(हिंदुओं) का साथ जरूरी है, इसलिए उनसे जुड़ने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।मध्य प्रदेश में कांग्रेस अपनी छवि बदलने की कोशिश लगातार कर रही है। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा की थी। भले ही यह गैर राजनीतिक थी पर इसका लाभ कांग्रेस को चुनाव में मिला था। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी राहुल गांधी ने महाकाल दर्शन के साथ नर्मदा का पूजन किया था। कांग्रेस के कई नेता भागवत कथा करा चुके हैं।

Share This News :