Home > राज्यो से ,slider news,
निलंबित ASP दिव्या को तीन दिन की रिमांड पर भेजा

जयपुर .2 करोड़ रुपए की घूस मांगने के मामले में SOG की निलंबित ASP दिव्या मित्तल को कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड पर भेजा है। रविवार की शाम करीब 4 बजे एसओजी की टीम कोर्ट में लेकर पहुंची। इसके बाद जज के घर ले जाया गया। एसओजी ने पांच दिन का रिमांड मांगा था। तीन दिन (4 अप्रैल) की रिमांड दी गई है।

जोधपुर एसओजी के एडिश्ननल एसपी कमल तंवर और उनकी टीम दिव्या को लेकर अजमेर पहुंची। अजमेर के लोहाखान सिविल लाइंस स्थित जज गौरव गर्वा के निवास पर उसे पेश किया गया। एडिशनल एसपी तंवर ने बताया- दिव्या मित्तल को जयपुर ले जाकर पूछताछ की जाएगी।

पूर्व जांच अधिकारियों से भी हो सकती है पूछताछ

सूत्रों की मानें तो दिव्या की रिमांड के दौरान जयपुर मुख्यालय में दिव्या से मुकदमों से संबंधित कई पूछताछ होगी। माना जा रहा है कि मुकदमे में पूर्व में जांच अधिकारी रहे तत्कालीन क्लॉक टावर थाना प्रभारी दिनेश कुमावत, एसओजी के सीआई भूराराम खिलेरी से भी पूछताछ की जा सकती है। इसके बाद कई खुलासे होने की उम्मीद है। दिव्या को एनडीपीएस के मामले में 1 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था।

जांच में लापरवाही
एडिशनल एसपी के अनुसार, दिव्या के खिलाफ अजमेर के रामगंज थाने में 24 मई 2021 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 व 8/29 के तहत दर्ज मामले की जांच में लापरवाही के आरोप में जांच एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। इसी क्रम में 3 मामलों में 2 प्रकरण ( संख्या 183,195) रामगंज व एक ( संख्या 139) अलवर गेट थाने में दर्ज थे। इनकी जांच 27 फरवरी 2023 को एसओजी को दी गई थी। एसओजी को इन मामलों की जांच में लापरवाही मिली।

शनिवार को जेल के बाहर से किया था गिरफ्तार
दिव्या मित्तल को जमानत के एक दिन बाद ही शनिवार को अजमेर जेल के बाहर से एसओजी ने फिर गिरफ्तार कर लिया था। एसओजी के पास दर्ज एनडीपीएस के तीन केसों में दिव्या ने जांच सही तरीके से नहीं की थी। एडीजी एसओजी अशोक राठौड़ ने बताया था कि दिव्या मित्तल के खिलाफ अभी तक एसओजी में कोई शिकायत दर्ज नहीं है। दिव्या के पास एनडीपीएस की 3 फाइलें थीं। इसकी जांच वह काफी समय से कर रही थी। इन फाइलों में मित्तल की ओर से जांच में गड़बड़ी करना सामने आया है। इसलिए एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच अधिकारी दोषी होता है।

Share This News :