कूनो से निकला चीता फिर रिहायशी इलाके में पहुंचा
मध्यप्रदेश में श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता फिर से रिहायशी इलाके में पहुंच गया है। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे चीता पार्वती-बड़ौदा गांव के खेतों में नजर आया। मौके पर वन विभाग की टीम मौजूद है। वनकर्मी चीते को वापस कूनो की ओर भेजने की कोशिश में जुटे हैं। कॉलर आईडी से चीते की लोकेशन ट्रेस कर उसके हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
ओवान नाम का ये चीता जिस पार्वती-बड़ौदा गांव के आसपास नजर आ रहा है। वहां से झार-बड़ौदा गांव की सीधी दूरी महज डेढ़ किलोमीटर है। दोनों गांव के बीच क्वारी नदी बहती है। इसलिए सीधा रास्ता नहीं है। करीब 4 किलोमीटर घूमकर एक-दूसरे गांव में आया-जाया जा सकता है।
दोनों गांव के बीच बहने वाली क्वारी नदी के किनारे चीता पानी पीते नजर आया। इससे पहले रविवार को सुबह चीता झार-बड़ौदा गांव के खेतों में पहुंच गया था, हालांकि शाम तक वह फिर से जंगल की ओर लौट गया था, लेकिन आज क्वारी नदी पार कर पार्वती बड़ौदा गांव के आसपास दिखा। ये दोनों गांव कूनो नेशनल पार्क से लगे हुए हैं।