कैलाश विजयवर्गीय प्रशाशन पर बरसे ,बोले यह ठीक नहीं
इंदौर के बेलेश्वर महादेव मंदिर में हुए हादसे के बाद प्रशासन शहर के कुएं और बावड़ी बंद करने में लगा हुआ है। मंदिर के स्थल पर बावड़ी की छत धंसने से 36 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने इस बावड़ी को भी मलबे से बंद कर दिया और उसके ऊपर मैदान बना दिया। प्रशासन के इस एक्शन के बाद अब शहर में कुएं-बावड़ी को बंद करने का विरोध तेज हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी इसे गलत मानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपने निर्णय पर फिर से सोचना चाहिए। प्राकृतिक जल के स्त्रोतों को इस तरह से बंद करना गलत है। मैं इसे बिल्कुल भी सही नहीं मानता हूं। प्रशासन को इन्हें सहेजकर और इनका संरक्षण कर पानी संरक्षण के लिए इनका उपयोग करना चाहिए।
मैंने पानी संरक्षण के लिए कुएं-बावड़ी के माध्यम से ही काम किया
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जब मैं महापौर था तब मैंने पानी संरक्षण के लिए शहर के कई कुएं और बावड़ी को बेहतर बनाया था। उस वक्त हम आसपास के क्षेत्र की इमारतों में बारिश के समय भरने वाले पानी को कुएं और बावड़ी तक पहुंचाते थे। यहां पर पानी फिल्टर होकर जमीन में जाता था और आसपास के पूरे क्षेत्र में जल स्तर को बेहतर बनाता था। मुझे लगता है कि प्रशासन को तकनीकी लोगों की टीम बनाकर इनके संरक्षण पर काम करना चाहिए।
कांग्रेस का भगवा में ट्रांसफार्मेशन हो गया
कैलाश विजयवर्गीय ने अन्य मुद्दों पर बात करते हुए कहा कि कांग्रेस का ट्रांसफार्मेशन हो गया है। मोदी इफेक्ट की वजह से वह भगवा बनते जा रहे हैं। पहले वे सिर्फ रोजा इफ्तार की पार्टियों में दिखते थे लेकिन अब वे मंदिर जाने लगे हैं, भजन करने लगे हैं और जनेऊ भी पहनने लगे हैं।