Home > राज्यो से ,slider news,
योगी को सीएम बनाने वाले बने MP कांग्रेस के रणनीतिकार

मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आएंगे, यहां चुनावी कैंपेन की धार पैनी होती दिखेगी। कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के चुनावी रणनीतिकार रहे सुनील कानुगोलू पर अब मध्यप्रदेश में कांग्रेस का बेड़ा पार लगाने की जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए सुनील को अपना रणनीतिकार बनाया है।

सुनील साल 2014 में प्रशांत किशोर की कंपनी आईपैक के साथ जुड़े थे। प्रशांत ने मोदी का साथ छोड़ दिया, तब भी सुनील वहां जमे रहे। साल 2017 में उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को रिकॉर्ड जीत दिलाकर योगी आदित्यनाथ को सीएम की कुर्सी दिलाने में वे अहम सूत्रधार रहे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की रणनीति भी उन्होंने ही तय की थी। वर्तमान में कर्नाटक और तेलंगाना में भी वे कांग्रेस का चुनाव मैनेजमेंट और प्लान का जिम्मा संभाल रहे हैं। कर्नाटक में भाजपा पर हमलावर होते हुए 40% PayCM कैंपेन उन्हीं के दिमाग की उपज है। इसके जरिए एक QR कोड के बीच कर्नाटक के सीएम की फोटो लगाकर उन्हें 40% कमीशन लेने वाला भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया गया, उनका ये व्यंग्य देशभर में लोकप्रिय रहा।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के रणनीतिकार सुनील ही रहे हैं। तेलंगाना से लेकर कश्मीर पहुंचने तक राहुल किन रास्तों से होकर गुजरेंगे, क्या नरेटिव बिल्ट करेंगे, ये सब सुनील ने ही प्लान किया था। हर राज्य में वहां के लोकल फूड खाएंगे, वहां लोगों से कैसे संवाद करेंगे, ये सब भी प्लान का ही हिस्सा था। हर राज्य के लिए वहां की स्थानीय भाषा में यात्रा का थीम सॉन्ग बनाने का प्लान भी उन्हीं का था।

यात्रा समाप्ति पर राहुल गांधी कश्मीर पहुंचकर लाल चौक पर तिरंगा फहराएंगे, ये प्लान भी सुनील का था। हालांकि इस प्लान पर पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आपत्ति भी ली थी, लेकिन सुनील ने कहा था कि इस मूवमेंट का समापन तिरंगा फहराने के साथ ही होना चाहिए। मकसद था कि कांग्रेस की अप्रोच देशभर में समझ में आए। बाद में राहुल गांधी ने इस पर हामी भरी और वे कश्मीर के श्रीनगर में यात्रा के आखिरी दिन तिरंगा फहराने पर सहमत हुए। कहा जाता है कि सुनील कांग्रेस हाईकमान राहुल गांधी के बेहद करीब हैं। वे सीधे उन्हें ही रिपोर्ट करते हैं।

अभी कर्नाटक में क्या कर रहे?

फिलहाल सुनील तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस का काम संभाल रहे हैं। यहां उन्होंने कांग्रेस को आक्रामक तेवर दिए हैं। कर्नाटक में कैंपेन से बीजेपी की मुश्किल बढ़ाने वाले सुनील मध्यप्रदेश में भी वॉर रूम तैयार कर रहे हैं। कर्नाटक में 300 लोगों की टीम के साथ काम कर रहे हैं। इतनी ही बड़ी टीम मध्यप्रदेश में भी होगी।

एमपी कांग्रेस में हो चुके हैं फर्स्ट राउंड के सर्वे

बताया गया है कि सुनील ने यहां आकर वॉर रूम संभालने से पहले एमपी में कांग्रेस ने अलग-अलग सर्वे पूरे कर लिए हैं। इनकी रिपोर्ट भी दिल्ली पहुंच गई है। खुद सुनील इन रिपोर्ट को पढ़ चुके हैं। सुनील इन्हीं रिपोर्ट के साथ हाईकमान को प्रेजेंटेशन दे चुके हैं। सोमवार को उनकी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और गांधी परिवार से बातचीत तय है। संभवत: इसके बाद वे भोपाल विजिट करेंगे।

Share This News :