Home > राज्यो से ,slider news,
BJP के जमीनी कार्यकर्ता सत्ता-संगठन से नाराज:सिंधिया के गढ़ में सबसे ज्यादा गुस्सा; 14 नेताओं की रिपोर्ट पर कल कोर ग्रुप में होगा फैसला

चुनावी साल में प्रदेश में सत्ता पर काबिज भाजपा के माथे पर बल पड़ गया है। केंद्रीय नेतृत्व को पता चला है कि उसके जमीनी नेता, संगठन और सरकार से खासे नाराज चल रहे हैं। ऐसे में संकट के समय हमेशा पार्टी के साथ रहने वाले, वोटर्स में प्रभाव रखने वाले, पार्टी के निष्ठावान और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को आलाकमान ने गंभीरता से लिया है। जमीनी स्तर पर क्या हो रहा है। वे क्यों नाराज हैं और उनकी नाराजगी दूर करने के लिए क्या किया जाए। पार्टी ने इसका फीडबैक लेने की जिम्मेदारी 14 नेताओं को सौंपकर उन्हें जिले आवंटित किए। ये नेता आज 17 अप्रैल तक दौरे पूरे कर रिपोर्ट राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवकुमार को सौपेंगे, जिनकी रिपोर्ट पर एक्शन लगभग तय माना जा रहा है।

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक 18 अप्रैल को भोपाल में बुलाई गई है। इसमें नेताओं की फीडबैक रिपोर्ट पर मंथन होगा। इस बैठक में जो फैसला होगा, उसके आधार पर एक्शन होगा। अभी तक इन नेताओं की जितनी भी बैठकें हुई हैं, उनमें मुख्य रूप से मंत्रियों और विधायकों द्वारा उपेक्षा करने की शिकायतें हो रही हैं। सबसे ज्यादा नाराजगी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले जिलों में हो रही हैं। यहां पूर्व संगठन मंत्री माकन सिंह कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं।

प्रदेश में संभाग स्तर पर बैठकें कर रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी 14 नेताओं को दी गई है।

खास बात यह है कि शिवराज सरकार से सिर्फ एक मंत्री गोपाल भार्गव को यह जिम्मेदारी दी गई है। उनके अलावा इस सूची में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अनुभवी नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। इन नेताओं को उनका क्षेत्र छोड़कर अन्य जिलों की जिम्मेदारी इसलिए दी गई है, ताकि असंतुष्ट खुलकर बात कर सकें। यही वजह है कि ये नेता पूर्व नगर पालिका अध्यक्षों, पार्टी की जिला इकाइयों के पूर्व अध्यक्षों, पूर्व विधायकों, पूर्व संसद सदस्यों और अन्य लोगों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर रहे हैं।

अशोक नगर में बंद कमरे में हुई मीटिंग

सिंधिया के गढ़ में डैमेज कंट्रोल करने के लिए बीजेपी संगठन के वरिष्ठ नेता व पूर्व संगठन महामंत्री माखन सिंह ने बंद कमरे में नेताओं के साथ बैठक की है। इस दौरान नेताओं से कहा गया कि पार्टी में एक-एक कार्यकर्ता का अपनी-अपनी जगह महत्वपूर्ण स्थान है। हमें आपसी सद्भाव बढ़ाकर मनमुटाव दूर करना है, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के अंदर कोई भी कार्यकर्ता गुटबाजी ना कर सके और इसलिए वह आप सबके बीच आए हैं।

सिंधिया को हराने वाले सांसद केपी यादव भी रहे मौजूद

इस बैठक में सिंधिया को हराने वाले डॉ केपी यादव भी मौजूद रहे। सिंधिया समर्थकों व केपी यादव के बीच आपसी टकराव की खबरें आती रहती हैं। केपी यादव भी खुले मंचों से बिना नाम लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए नजर आते हैं। बैठक में बीजेपी विधायक की सदस्यता के खिलाफ कोर्ट जाने वाले पूर्व विधायक लड्डू राम कोरी भी बैठक में शामिल हुए, जो अपनी ही पार्टी के विधायक की सदस्यता खत्म करवाने पर तुले रहे हैं।

इन नेताओं की रिपोएट पर होगा मंथन ; केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ,कैलाश विजयवर्गीय ,मंत्री गोपाल भार्गव, माखन सिंह ,कृष्ण मुरारी मोघे ,जयभान  सिंह पबैया ,प्रभात झा ,श्रीमती माया सिंह ,फगान सिंह कुलस्ते ,सुधीर गुप्ता ,सत्यनाराएँ जटिया,राकेश सिंह ,लालसिंह आर्य ,राजेंद्र शुक्ल शामिल हैं.



Share This News :