Homeराज्यो से ,slider news,
अनिल बैजल होंगे दिल्ली के नए उपराज्यपाल, 30 दिसंबर को ले सकते हैं शपथ

शीर्ष आईएएस अधिकारी अनिल बैजल दिल्ली के अगले उपराज्यपाल होंगे। नजीब जंग के एकाएक इस्तीफा देने के बाद से यह पद रिक्त है। 1969 बैच के आईएएस अधिकारी बैजल अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के अधीन केंद्रीय गृह सचिव थे और साथ ही अन्य मंत्रालयों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।

70 साल के बैजल की नियुक्ति के कागजात मंजूरी के लिए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के पास भेजे गए, जिसे उन्होंने मंजूर कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक बैजल 30 दिसंबर को उप राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। वह 2006 में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह दिल्ली विकास प्राधिकरण के पूर्व उप प्रमुख हैं।

बैजल मनमोहन सिंह सरकार द्वारा शुरू किए गए 60,000 करोड़ रुपए की लागत वाले जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) की अभिकल्पना एवं लोकार्पण से सक्रियता से जुड़े हुए थे।

वह थिंक टैंक विवेकानंद इंटरनेशनल की कार्यकारी परिषद में भी थे। थिंक टैंक के कई पूर्व सदस्यों को मोदी सरकार ने वरिष्ठ पदों पर नियुक्त किया है, जिनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल हैं। जंग ने 22 दिसंबर को पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच सरकार ने आज राष्ट्रपति से जंग का इस्तीफा मंजूर करने की सिफारिश की है।

Share This News :