Home > राज्यो से ,slider news,
पूर्वमंत्री जोशी बोले- मेरे पास शिवराज को हराने का प्लान

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने साफ कर दिया है कि वे 6 मई को भोपाल जाकर कांग्रेस जॉइन कर रहे हैं। बिना कंफ्यूजन.. बिना शर्त। टिकट की बात पर उन्होंने कहा कि मैं ब्राह्मण हूं। मांग सकता हूं पर नहीं मांगूंगा। यदि कांग्रेस को मुझे टिकट देना ही है, तो मुख्यमंत्री के सामने बुधनी से लड़ाएं, उन्हें हराऊंगा। वे बोले- प्रधानमंत्री आवास में घोटाले कर होटलें और फ्लाइट्स बुक हुईं, स्कॉर्पियो-थार गिफ्ट की गईं। करप्शन पर बोले कि गरूड़ पुराण में यह भी जोड़ना पड़ेगा कि इतना खाने वाला कहां जाएगा, उतना खाने वाला कहां। 

आखिर दीपक जोशी क्यों शिवराज से इतने नाराज हैं..? क्या वे शिवराज को हरा सकते हैं..? कमलनाथ अचानक इतना पसंद क्यों आने लगे..? क्यों किया गरुड़ पुराण का जिक्र..? जानिए उनकी और भी बहुत सी बेबाक बातें…

आपको भाजपा ने कोई ऑफर नहीं दिया?
जोशी- ऑफर वाली कोई चीज ना मेरे परिवार में रही, न मेरे अंदर। आप किसी दुकान में जाते हैं, ऑफर को स्वीकार करना है तो स्वीकार करें, नहीं तो खाली लौट आओ। मैं खाली लौटने वाला रहा, तो खाली लौट रहा हूं।

सरकार स्तर से कोई दबाव आया हो?
जोशी- जो काम वो कर सकते, उन्होंने वो कर लिया। ना मैं दबाव में हूं, ना प्रभाव में और ना ही अभाव में। मैं सिर्फ संभव में हूं और जो कर सकता हूं, वह कर रहा हूं।

आपने कहा कि बुधनी से शिवराज सिंह को हरा देंगे, क्या कोई प्लान बना रखा है?
जोशी- छात्र राजनीति से आया हूं। शिवराज जी भी उसी पिच के खिलाड़ी है, जहां मैं खेला हूं। वे तीन साल सीनियर हैं, लेकिन उन्होंने तब कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा था। मैं वहां चुनाव लड़कर अपने दमखम पर कुछ न कुछ हासिल करके आया हूं और उसी आधार पर कह सकता हूं कि बुधनी में उन्हें हराऊंगा।

आप टिकट को लेकर जल्दबाजी में तो नहीं हैं, हाटपिपल्या या खातेगांव नहीं जाना चाहेंगे?
जोशी- किसी भी चीज से कमलनाथ जी को बांधना नहीं चाहता। जाति से ब्राह्मण हूं। मांगना स्वभाव है, पर मैंने ऐसा नहीं किया। मुझे कांग्रेस के किसी उम्मीदवार का हक नहीं मारना। मुझे लड़ाना है तो बुधनी से टिकट दो। दो-चार दिन में जिम्मेदारी मिल गई तो समझिए वहां परिवर्तन।

जब तक आप विधायक रहे, पैलेस (देवास रियासत का परिवार) का प्रभाव होने के बावजूद आपको मंत्री बनाया, फिर भी इतनी नाराजगी, सीएम को जीरो तक कह गए आप?
जोशी- मेरे पिता की विरासत को संभालने की जिम्मेदारी मेरी है। जब पिताजी की विरासत पर, उनकी बातों पर चोंट हुई तो दुखी होकर जिम्मेदारों को सचेत करता रहा। भ्रष्टाचार हो या अत्याचार, हर बात पर अपनी बात रखी।

शिवराज सिंह जी से आपको इतना ज्यादा गुस्सा क्यों है?
जोशी- इनकी कथनी करनी में अंतर है। मुख्यमंत्री, वीडी शर्मा हो या संगठन। पिता के स्मारक को लेकर मुख्यमंत्री ने मिलने तक का समय नहीं दिया। जो स्मारक बनाने के लिए सरकार के पास समय नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री का बंगला छह महीने में बन जाता है। इसके लिए पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का पुराना बंगला तोड़ दिया जाता है। संगठन के पास गया, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी से बात हो गई है पर कुछ नहीं हुआ।

इतने गुस्से में हैं, किस स्तर तक आपकी उपेक्षा हो रही थी?
जोशी- मैंने जो काम कराए, उन पर उन लोगों ने अपने पत्थर लगा लिए। शिलान्यास और शुभारंभ में मुझे बुलावा तक नहीं मिलता था। बगैर बुलाए तो मैं जाने से रहा। अगर पहुंच जाता तो उन्हें लगता था कि ये आ क्यों गया है?

आपने कहा कि आपको आतंकवादी समझा गया, क्या यह सच है?
जोशी- मुझे लगता था, मेरे साथी मुझे ऐसा घूर कर देख रहे थे। बात तो करना दूर की बात है। मुझे लगने लगा था कि उन्हें कोई बात करते ना देख ले। डर के मारे नमस्कार तक नहीं करते थे।

भ्रष्टाचार पर भी आप मुखर हो गए हैं, पॉलिटिक्स में कोई साफ सुथरा बचा है?
जोशी- हमारा तीन कमरे का मकान है। 10 बीघा जमीन मुझे मिली, आज भी एक इंच नहीं बढ़ी। तीन कमरे का घर है और कोई प्रॉपर्टी नहीं। अब बिना लिए-दिए कोई काम नहीं होता। भ्रष्टाचार पर तो एक ही बात कहूंगा कि गरुड़ पुराण में एक चैप्टर जुड़ जाना चाहिए कि भ्रष्टाचार से इतना खाने वालों को क्या मिलने वाला है, उतना खाने वालों को कितना..।

आपने साढ़े 17 करोड़ के घोटाले का पीएम आवास का मामला उठाया था, उस में क्या हुआ?
जोशी- बागली विधानसभा क्षेत्र की कुछ नगर पंचायत में भारी घोटाला हुआ। शिकायत की तो मामला दबा दिया गया। प्रधानमंत्री को पत्र भेजा तो डर कर लोकायुक्त में प्रकरण दर्ज हुआ। पर आगे कुछ नहीं किया गया। मुझे कहा गया कि इस रेवड़ी की बंदरबांट में वार्ड से प्रदेश तक के नेता शामिल हैं। एक फॉर्च्यूनर, एक एडेवर, एक थार, एक स्कॉर्पियों गाड़ी दी हैं। हवाई जहाजों के टिकट बुक हुए हैं। बड़ी-बड़ी होटलें बुक हुई हैं, होर्डिंग बैनर लगे हैं।

विदाई से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को कुछ कहना चाहेंगे और संगठन को?
जोशी- जब अहंकार हो जाता है तो उसे समझाया नहीं जा सकता। रावण ब्राह्मण था, उच्चकुलीन था। देवताओं को मानने वाला था, लेकिन उसके अंदर का अहंकार उसे खा गया। पार्टी के चंद नेताओं ने.. मैं तो कहता हूं गिरोह बाज मिलकर पार्टी खत्म कर देंगे। इनसे बचाना बहुत जरूरी है। वर्ना पार्टी नहीं लौटने वाली। वही बात तो कैलाश विजयगर्वीय, सत्यनारायण सत्तन, भंवरसिंह शेखावत, नंदकुमार साय कह रहे हैं।

आपको क्या लगता है, आप कांग्रेस को क्या दे पाएंगे?
जोशी- मेरे पिताजी की बहुत बड़ी विरासत है। नीमच, मंदसौर, रतलाम तो छोड़िए, कर्नाटक, केरल तक के लोग पिताजी को उनकी शुचिता की वजह से जानते थे। वे आते थे तो कहते थे कि उनसे जरूर मिलकर आना। लोग मिसाल देते हैं कि जोशी जी हमारे यहां आए थे, हमारे यहां खाना खाया था। वे लोग जानते हैं कि जोशी परिवार की विचारधारा क्या रही है।

आपके पिता कैलाश जोशी ने पार्टी को बड़ी शिद्दत से संवारा, भाजपा ने आपको रोकने के लिए क्या कोशिशें नहीं कीं?
जोशी- मुख्यमंत्री, अध्यक्ष ने और राष्ट्रीय नेताओं ने कोशिश की। कुछ मित्र यारों ने कोशिश की, लेकिन जैसा मैंने कहा मेरी सिर्फ मान-सम्मान की लड़ाई है, वह भी पिता के प्रति। मेरा मान-सम्मान मुझे कतई नहीं चाहिए।

आप अचानक भोपाल चले गए तो कई चर्चाएं शुरू हो गईं कि आप वापस भाजपा में रुकने वाले हैं?
जोशी- मुख्यमंत्री जी के काफी मैसेज आए, लेकिन मैंने पिछली तीन तारीख के बाद से ही मैसेज देखना बंद कर दिए। अगर उन्हें मेरी या मेरे पिताजी की कोई जरूरत होती तो जिस दिन मैंने पहला मुद्दा उठाया था तो उसी दिन नामकरण और शिलान्यास का काम शुरू कर देते। भोपाल के हमीदिया कॉलेज इसलिए गया क्योंकि वहीं से राजनीतिक मंच जमाया था।

शिवराज सिंह चौहान और हमने साथ काम किया। मैं हीरो था, वह जीरो थे। उस दिन भी यह बताना चाहता था कि शिवराज सिंह इसी पिच पर आप और मैं मुकाबला कर लेते हैं। क्यों जनता जनार्दन, कार्यकर्ता को परेशान करें। आमने-सामने का मुकाबला इसी कॉलेज में लड़ लेते हैं। जनता आपका साथ दे तो आप जीत जाना, जनता मेरा साथ दे तो मैं जीत जाऊंगा।

केंद्रीय नेतृत्व का आपसे संपर्क हुआ। अरुण सिंह जी ने भी आपसे संपर्क किया तो उनका दिल्ली भी बुलावा था?
जोशी- कहीं भी नहीं जाने वाला। फैसला बता दिया है। उससे पलटूंगा भी नहीं। किसी रास्ते पर चल दिए तो पलटने के बाद वापस चलने में डबल टाइम लग जाता है। जो मेरी मंजिल नहीं, वहां अब क्यों जाऊं।

जो समर्पित कार्यकर्ता भाजपा के नाते आपसे जुड़े हैं, उनमें क्या मैसेज जाएगा?
जोशी- दीपक भैया इसलिए नहीं जा रहे हैं कि पद या प्रतिष्ठा चाहिए। मेरे पिता की विरासत संभालना पुत्र होने के नाते जरूरी है। मुझे भी पिता की विरासत का लाभ मिला, वही नहीं संभाल सका तो कैसा बेटा।

Share This News :