Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
Mahakal Temple : बड़े गणेश मंदिर के समीप बनेगा कमल कुंज, भक्तों की सुविधा के सारे इंतजाम रहेंगे

विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में समिति एक ओर फैसेलिटी सेंटर का निर्माण करने जा रही है। मंदिर परिक्षेत्र में बड़ा गणेश मंदिर के समीप कमल कुंज का निर्माण होगा। बाहर से देखने में यह कमल के फूल की तरह नजर आएगा। बताया जाता है दिल्ली के एक दानदाता द्वारा 15 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया जा रहा है।

महाकाल मंदिर में पहले से ही दो फैसिलिटी सेंटर बनाए जा चुके हैं। महाकाल महालोक के निर्माण के दौरान बनाया गया मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर भव्य व आधुनिक सुख सुविधाओं से सुसज्जित है। मंदिर समिति अब भक्तों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए तीसरे फैसिलिटी सेंटर का निर्माण कराने जा रही है। अफसरों का कहना है कि कमल के फूल की आकृति के रूप में बनने वाले इस फैसिलिटी सेंटर में भक्तों को तमाम सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक माहौल भी मिलेगा।

मंदिर समिति बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए भक्त निवास का निर्माण कराने की योजना भी बना रही है। इसके लिए त्रिवेणी संग्रहालय के समीप मंदिर की भूमि का चयन किया गया है। यहां तीन जी प्लस फोर श्रेणी के भक्त निवास बनाए जाएंगे। इनका निर्माण भी दानदाता के सहयोग से होगा। मंदिर समिति यहां पहले ही महाकाल भक्त निवास के नाम से एक यात्री गृह बना चुकी है। इसका निर्माण भी एक दानदाता के सहयोग से किया गया है।

Share This News :