Home > राज्यो से ,slider news,
वसुंधरा राजे को पन्ना प्रमुख बनाया

भाजपा ने प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को भी संगठन के सबसे छोटे पद पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी दे दी है। उन्हें अपने चुनाव क्षेत्र में पन्ना प्रमुख का कार्य भी करना ही पड़ेगा। इन नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित सभी बड़े नेता शामिल हैं।

इनके नामों और बूथ क्षेत्रों की घोषणा 15 मई को की जाएगी। इन सभी नेताओं को अपने मूल मतदान क्षेत्र में अपने वोटर लिस्ट के पन्ने पर अंकित 60 मतदाताओं से सीधा संपर्क करना है।

संभवत: संपर्क का पहला चरण 20 मतदाताओं के साथ 30 मई तक शुरू करेंगे। पन्ना प्रमुख को संगठन की सबसे मजबूत कड़ी मानते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर स्वयं इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही 28 अप्रैल को जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र में शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की कांट ग्राम पंचायत में पन्ना प्रमुखों के साथ मीटिंग भी की है।

वे जल्द ही प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों के चुनिंदा पन्ना प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। करीब छह महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले प्रदेश में 10-12 स्थानों पर पन्ना प्रमुख सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। जिनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्‌डा सहित अन्य राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे।

पन्ना प्रमुख के राज्य प्रभारी विजेन्द्र सिंह पूनिया ने भास्कर को बताया कि भाजपा संभवत: विश्व की अकेली राजनीतिक पार्टी है, जिसके पास कार्यकर्ताओं की ऐसी विशाल सेना है। हर घर तक हमारे कार्यकर्ताओं की पहुंच है।

बड़े नेताओं को पन्ना प्रमुख बनाने के पीछे पार्टी की सोच यह है कि पार्टी का यह संदेश हर कार्यकर्ता तक जाना चाहिए कि कार्यकर्ताओं की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। संगठन के लिए चाहे कोई मुख्यमंत्री हो या केन्द्रीय मंत्री वो भी एक कार्यकर्ता ही है। ऐसे में सभी बड़े नेताओं को भी पन्ना प्रमुख बनाया गया है।

इन बड़े नेताओं को यहां बनाया पन्ना प्रमुख

प्रदेश के बड़े नेताओं में सभी सांसदों व विधायकों सहित पदाधिकारी शामिल हैं, जिन्हें पन्ना प्रमुख बनाया गया है। लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला और असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के नामों पर भी पहले विचार किया गया था, लेकिन वे वर्तमान में संवैधानिक पदों पर हैं इसलिए उन्हें इनमें शामिल नहीं किया गया है।

  • प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को चित्तौड़गढ़
  • नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ को चूरू
  • पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को झालरापाटन (झालावाड़)
  • राष्ट्रीय सदस्य अभियान समिति सदस्य डॉ. अरुण चतुर्वेदी को जयपुर
  • केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को जोधपुर
  • केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को जयपुर
  • केन्द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को बायतू (बाड़मेर)
  • उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया को जयपुर
  • सांसद राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ को जयपुर
  • विधायक वासुदेव देवनानी को अजमेर
  • राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी को जयपुर
  • राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा को दौसा

Share This News :