कमलनाथ ने शिवराज को बताया शिलान्यास मुख्यमंत्री:बोले- वे जेब में नारियल लेकर घूम रहे
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को शिलान्यास मुख्यमंत्री बताया है। कमलनाथ ने कहा, 'मुख्यमंत्री असल में शिलान्यास मंत्री हैं। जहां जाओ, शिलान्यास करो। वे जेब में नारियल लेकर घूमते हैं। झूठ और घोषणा की मशीन बने हुए हैं।' कमलनाथ ने यह बात सोमवार को भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित केवट समाज के सम्मेलन में कही।
सम्मेलन से पहले उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा- कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश में भी भारत जोड़ो यात्रा का असर दिखेगा। यह बहुत सफल यात्रा रही है। वहीं, हारी हुई विधानसभा सीटों पर पहले टिकट घोषित करने के सवाल पर वे बोले- हम सबसे चर्चा करेंगे। कोई सोचे कि टिकट के लिए प्रभावित कर लेगा, तो मुझे कोई दबा नहीं सकता, मुझे कोई पटा नहीं सकता। हम स्थानीय संगठन से चर्चा करके निर्णय लेंगे। मैं रोज यही कर रहा हूं। आज सुबह भी मैं 200 लोगों से मिला। जब तक स्थानीय संगठन किसी उम्मीदवार को स्वीकार न करे, तब तक न तो संगठन से न्याय होता है और न ही वो उम्मीदवार जीतता है।
सागर के पूर्व पार्षद ने ली कांग्रेस की सदस्यता
इस दौरान सागर से BJP के पूर्व पार्षद और सागर जिला कुशवाहा समाज के जिलाध्यक्ष अशोक कुशवाहा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कमलनाथ ने कहा- कल सागर में कुशवाहा समाज का कार्यक्रम था। ये उसी का परिणाम है। हमारी 'नारी सम्मान योजना' को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कौन-किस पर विश्वास करता है, यह बहुत बड़ा मुद्दा होगा। इसी मुद्दे पर मध्यप्रदेश का अगला चुनाव लड़ा जाएगा।
कर्नाटक चुनाव... ऐसा कोई हथकंडा नहीं था, जो BJP ने नहीं अपनाया
कमलनाथ ने कहा- दक्षिण ने उत्तर को दिशा दिखाई है। इससे एक बात साबित हो गई है कि कहां, कैसे, किसकी चलती है। मैं सबसे ज्यादा बधाई कर्नाटक के मतदाताओं को देता हूं कि BJP ने हर चीज का उपयोग किया। बजरंग बली से लेकर तरह-तरह के रोड शो, नुक्कड़ सभा, पैसा, पुलिस और प्रशासन का। ऐसा कोई हथकंडा नहीं था, जो BJP ने नहीं अपनाया। कर्नाटक IT हब है। वहां बहुत बुद्धिजीवी हैं। उन्होंने BJP को पहचान लिया कि ये किस तरह धर्म को बीच में लाएंगे, किस तरह पैसे का उपयोग करेंगे। बजरंग बली के नाम पर कितना प्रचार किया। कम से कम कांग्रेस के आसपास तो आ जाते। ये तो कांग्रेस के 50% रहे हैं। मात्र 64 सीटें यानी आधी सीटें ही मिलीं।