Home > राज्यो से ,slider news,
कांग्रेस सरकार बनी तो कार्यकर्ताओं को मंत्रालय में सीधे एंट्री

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ऐलान किया है कि कांग्रेस सत्ता में आई तो छिंदवाड़ा के पार्टी कार्यकर्ताओं की भोपाल स्थित मंत्रालय में बेरोकटोक एंट्री हो सकेगी। उन्होंने शनिवार को कहा, 'कांग्रेस सरकार बनने पर छिंदवाड़ा के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को बैज यानी पास दिया जाएगा। इसके माध्यम से मंत्रालय में सीधे एंट्री हो सकेगी। यह बैज क्षेत्रीय कमेटियों के अध्यक्ष और समन्वयकों को दिया जाएगा। उनके साथ 5 लोग जा सकेंगे। सौंसर, पांढुर्णा, चौरई में बैज बांटना शुरू भी कर दिया है।'

कमलनाथ छिंदवाड़ा के चार दिवसीय प्रवास पर हैं। उन्होंने शनिवार को सौंसर के मोहखेड़ में ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इसमें कमलनाथ ने कहा- अगले 5 महीने में निष्ठा की परीक्षा है। इसी निष्ठा के साथ लगे रहेंगे, तो सफलता पाने से कोई नहीं रोक सकेगा। अभी किसी ने कहा कि चुनाव हो जाते हैं, हमें सब भूल जाते हैं। यह बात सही है। अब जिले में हर क्षेत्रीय कमेटी अध्यक्ष और समन्वयक को बैज दिया जाएगा। प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है, तो यह बैज मंत्रालय के लिए गेट पास होगा। आप इस बैज से 5 साथियों को भी मंत्रालय में ला सकते हैं।

कमलनाथ ने कहा- मैं चाहता हूं, जो कार्यकर्ता निष्ठा के साथ पार्टी का काम कर रहे हैं, उनकी सुनवाई हो।

भाजपा को उसके हर सवाल का मुंहतोड़ जवाब दें

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, 'सौंसर क्षेत्र का विकास किसी से छिपा नहीं है, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सिर झुकाने की जरूरत नहीं है। हमें गर्व से सिर उठाकर भाजपा को उसके हर सवाल का मुंहतोड़ जवाब देना है।' कमलनाथ ने कहा कि वर्तमान राजनीति में परिवर्तन आया है। अब लोगों के विचार जानना संभव नहीं है। एक घर में ही वोटों का बंटवारा हो चुका है, इसलिए आने वाले पांच महीनों में आपको घर-घर जाकर एक-एक वोटर को सरकार की सच्चाई बतानी पड़ेगी।

मैं भी खरीद-फराेख्त कर सकता था, लेकिन यह अपराध

नाथ ने कहा, 'भाजपा ने षड्यंत्रपूर्वक खरीद-फरोख्त कर सरकार बनाई है। मैं भी यह कर सकता था, लेकिन मैंने सौदों की राजनीति से कुर्सी पाना अपराध समझा। मुख्यमंत्री पद ठुकरा दिया। हमने मात्र 15 महीनों में ऐतिहासिक काम किए, जिससे भाजपा बौखला गई। प्रदेश में 27 लाख और छिंदवाड़ा में 75 हजार किसानों के कर्ज की पहली किस्त माफ की। अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया।'

बीजेपी को मंसूबों में कामयाब नहीं होने देंगे

ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद नकुलनाथ ने कहा, 'संगठन और विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार में गति लानी होगी। कांग्रेस की हर योजना पर भाजपा अपना ठप्पा लगाना चाहती है। भाजपा ने यह योजना भी बनाई है कि अधिक से अधिक समय कमलनाथ जी को छिंदवाड़ा में घेरकर रखें, ताकि वे प्रदेश के अन्य हिस्सों में कम से कम पहुंचें। हम उनके इन मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे।'

छिंदवाड़ा में 170 क्षेत्रीय कमेटी और 1150 समन्वयक

छिंदवाड़ा जिले में कांग्रेस की 170 क्षेत्रीय कमेटियों के अध्यक्ष और 1150 समन्वयकों को बैज दिए जाएंगे। क्षेत्रीय कमेटी 6 से 8 बूथ की बनाई गई है। वहीं, 1 से 3 बूथ पर एक समन्वयक बनाया गया है। जानकारी के मुताबिक, आगामी दिनों में कांग्रेस बीएलए और वार्ड अध्यक्ष को भी ये बैज देगी।

Share This News :