राहुल का दावा- मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतेंगे
मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को गहन मंथन किया। चार-पांच महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया। बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि हम मध्य प्रदेश में कर्नाटक को रिपीट करने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतेंगे।
दरअसल, दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित सभी वरिष्ठ नेताओँ के साथ चुनावी कार्य योजना बनाने के लिए बैठक की। बैठक के बाद राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा कि मध्य प्रदेश को लेकर हमारा लंबा-चौड़ा डिस्कशन हुआ। हमें 136 सीटें कर्नाटक में मिली है और हमारा इंटरनल असेसमेंट है कि मध्य प्रदेश में 150 सीटें मिलने जा रही है। कर्नाटक को हम रिपीट करने वाले हैं। मुख्यमंत्री का चेहरा क्या कमलनाथ होंगे? इस सवाल पर राहुल ने जवाब टाल दिया और बोले कि हमारी 150 सीटें आने वाली हैं।
कमलनाथ बोले- हम एकता के साथ चुनाव लड़ेंगे
कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। चुनावों में चार-साढ़े चार महीने बचे हैं। चुनावों के लिए कैसी रणनीति बनाई जाए? मध्य प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए? इस पर चर्चा हुई। यह प्रश्न केवल कांग्रेस का नहीं है बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के भविष्य का सवाल है। कैसा मध्य प्रदेश हम चाहते हैं? क्या-क्या मुद्दे हमारे होंगे? किस आधार पर हम चुनाव लड़ेंगे? इन पर भी चर्चा हुई। हम सब एकता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।