Homeअपना शहर ,
लस्सी में नशे की दवा पिलाकर रेप:कर्मचारी की बेटी को घर बुलाकर फैक्ट्री संचालक ने किया दुष्कर्म

ग्वालियर में अगरबत्ती बनाने वाली फैक्ट्री में काम करने वाली कर्मचारी की 22 वर्षीय बेटी को फैक्ट्री संचालक ने किसी काम से घर बुलाया। यहां लस्सी में नशे की दवा मिलाकर पिला दी। युवती के बेहोश होते ही उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद जब युवती को होश आया तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे।

युवती के विरोध करने पर पहले फैक्ट्री संचालक ने मालामाल करने का आश्वासन दिया, लेकिन पीड़िता नहीं मानी तो उसकी हत्या करने की धमकी दी। घटना तानसेन नगर में मंगलवार की है। बुधवार को पीड़िता पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने आरोपी फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है।

शहर के उपनगर ग्वालियर के सेवा नगर निवासी 22 वर्षीय युवती ने शिकायत की है कि उसके पिता के निधन के बाद से वह और उसकी मां तानसेन नगर निवासी रविकांत शर्मा की अगरबत्ती फैक्ट्री में काम करती है। एक दिन पहले उसकी मां का स्वास्थ खराब था, तो वह अकेली फैक्ट्री पहुंची और काम कर रही थी। इसी बीच मालिक रविकांत शर्मा का कॉल आया। युवती ने कॉल रिसीव किया तो रविकांत ने उसे बताया कि उसे कुछ काम है और वह फैक्ट्री से उसके घर आ जाए।
लस्सी ऑफर की और बेहोश होने पर किया रेप
जब वह उसके घर तानसेन नगर पहुंची तो रविकांत शर्मा ने उसे बिठाया और पीने के लिए लस्सी ऑफर की। लस्सी पीते ही वह बेसुध हो गई और जब उसे होश आया तो शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और बिस्तर पर रविकांत शर्मा बैठा हुआ था। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे रुपए पैसों से मदद करने का आश्वासन दिया और मालामाल करने का लालच दिया, लेकिन युवती ने इनकार किया तो आरोपी ने उसे व उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। वारदात की शिकार पीड़ित अपने घर पहुंची और मां को घटना की जानकारी देने के बाद थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
आरोपी हुआ फरार
मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन आरोपी अपने घर से फरार मिला। अब पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने उसके परिजनों पर भी निगरानी बनाए रखी है।
पुलिस का कहना
इस मामले में सीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई है, लेकिन वह अभी हाथ नहीं आया है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Share This News :