Homeराज्यो से ,
भाजपा V/S कांग्रेस की इलेक्शन कैम्पेनिंग:लोकसभा सीट पर BJP के बड़े नेताओं का दो दिन डेरा; MP कांग्रेस के 16 नेता कैम्पेनिंग में जुटे

इस साल के अंत में मध्यप्रदेश में विधानसभा और अगले साल देश में लोकसभा के चुनाव होने हैं बीजेपी ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए जमीनी तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर बीजेपी 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही है। इस अभियान में बीजेपी के राष्ट्रीय नेता हर लोकसभा क्षेत्र में रहकर कैंपेनिंग करेंगे। मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों को बीजेपी ने 8 क्लस्टर में बांटा है। 44 लोकसभा क्षेत्रों का एक क्लस्टर बनाया गया है। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय नेताओं को एक-एक क्लस्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस ने मप्र कांग्रेस के 16 नेताओं को तीन-चार जिलों की जिम्मेदारी देकर विधानसभा चुनाव की जमीनी तैयारी शुरू कराई है।

बीजेपी के लिए छिंदवाड़ा स्पेशल टारगेट, कविता की भूमिका अहम

बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय ने चार-चार लोकसभा क्षेत्रों को मिलाकर बनाए गए क्लस्टर में छिंदवाड़ा को देश में 7वें नंबर पर रखा है। मप्र की 29 सीटों में से छिंदवाड़ा एकमात्र ऐसी लोकसभा सीट है, जिसे सिंगल सीट कलस्टर बनाया गया है। यानी कमलनाथ का गढ़ तोड़ने के लिए बीजेपी ने इस सीट को अब प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। यहां केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ हरियाणा बीजेपी की उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल को राष्ट्रीय कार्यालय की ओर से तैनात किया गया है। राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को दो क्लस्टर की प्रदेश टोली में बतौर मेंबर शामिल किया गया है। छिंदवाड़ा के टारगेट में पाटीदार की भूमिका महत्वपूर्ण है।

अब जानिए, किस नेता को कहां जिम्मेदारी दी गई

विशेष जनसंपर्क अभियान में इन नेताओं को दी जिम्मेदारी
क्लस्टर नंबर लोकसभा क्षेत्र राष्ट्रीय पदाधिकारी राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रदेश टोली सदस्य लोकल कलस्टर इंचार्ज
1 छिंदवाड़ा गिरिराज सिंह (केन्द्रीय पंचायत मंत्री) सुनीता दुग्गल (प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा हरियाणा) कविता पाटीदार नरेश दिवाकर
2 बालाघाट, मंडला, शहडोल, जबलपुर पंकजा मुंडे (राष्ट्रीय सचिव) विष्णु देव साय (राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य) अश्विनी परांजपे आशीष दुबे
3 विदिशा, दमोह, टीकमगढ़, सागर मुरलीधर राव (प्रदेश प्रभारी भाजपा) प्रिया सेठी (राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य) मुकेश चौधरी ललिता यादव
4 भिंड़, ग्वालियर, मुरैना, गुना तरुण चुग (राष्ट्रीय महामंत्री) गीता शाक्य (प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा उप्र) जीतू जिराती शैलेन्द्र बरूआ
5 देवास, उज्जैन, भोपाल, राजगढ़ विनय सहस्त्रबुद्धे (राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य) रामशंकर कठेरिया (सांसद इटावा) रजनीश अग्रवाल सुरेश आर्य
6 सतना, रीवा, सीधी, खजुराहो बाबूलाल मरांडी (नेता प्रतिपक्ष झारखंड) सीमा द्विवेदी (सांसद राज्यसभा) राजेश पांडेय शशांक श्रीवास्तव
7 खरगोन, खंडवा, होशंगाबाद, बैतूल रामेश्वर तेली (केन्द्रीय राज्यमंत्री) रोहित चहल (राष्ट्रीय महामंत्री युवा मोर्चा) मुदित शेजवार सुरेन्द्र जैन
8 मंदसौर, रतलाम, इंदौर, धार सोम प्रकाश (केन्द्रीय उद्योग राज्यमंत्री) सुधीर मुनगंटीवार (वन मंत्री महाराष्ट्र) कविता पाटीदार गोपीकृष्ण नेमा

अब समझिए बीजेपी के विशेष जनसंपर्क अभियान में क्या खास

किस चरण में क्या होगा

अभियान के लिए पहले चरण में 25 मई तक नियुक्तियों और कार्य समितियों का काम पूरा हो गया है। दूसरे चरण में 29 मई से 20 जून तक लोकसभा और विधानसभा स्तर पर गतिविधियां होंगी। तीसरे चरण में 20 से 30 जून तक घर-घर महा संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ पर पार्टी की गतिविधियां संचालित होंगे।

इसके लिए राष्ट्रीय समिति और सदस्य केंद्रीय टोलियां बनाई गई हैं। इसके अलावा, मंडल समिति राष्ट्रीय और प्रदेश मीडिया संस्थानों के संपादकों, संवाददाताओं और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स की सूची बनाई गई है। लोकसभा क्षेत्रों में एक हजार विशिष्ट परिवारों की सूची भी बनाई गई है। बीजेपी के केंद्रीय पदाधिकारियों, मंत्रियों की मीडिया संस्थानों में कार्यरत संपादकों से लेकर संवाददाताओं और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ बैठक होगी। इसके अलावा, विशिष्ट परिवारों के साथ भी चर्चा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विधानसभा स्तर पर बीजेपी मोर्चा के संयुक्त सम्मेलन

एक महीने के दौरान विधान सभा स्थल पर बीजेपी के सभी मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन होगा। इसमें महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के संयुक्त सम्मेलन होंगे।

मीडिया और सोशल मीडिया पर फोकस

  • 29 मई को पार्टी ने दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए। भोपाल के मिंटो हॉल में मीडिया संस्थानों के साथ संवाद में केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने चर्चा की।
  • इसी दिन सेकंड राउंड में शाम को सोशल मीडिया के इनफ्लुएंसर्स के साथ केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा और संगठन के पदाधिकारियों ने संवाद
  • संपर्क से समर्थन हर लोकसभा क्षेत्र में बीजेपी के बड़े नेता एक हजार परिवारों से संपर्क करेंगे। इस दौरान, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी अधिकांश स्थानों पर साथ रहेंगे किया।
  • हर लोकसभा स्तर पर बड़ी जनसभा होगी। इसमें बीजेपी के केंद्रीय मंत्री राष्ट्रीय पदाधिकारी मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष सांसद और विधायक शामिल होंगे।
  • लोकसभा स्तर पर नियुक्त की गई 2 सदस्यों की समिति भाजपा के सांसद और विधायकों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।
  • लोकसभा स्तर पर बनाई गई 2 सदस्य, 2 लोग में से किसी एक नेता की मौजूदगी में प्रबुद्ध जन सम्मेलन होगा। इसमें सीनियर नेता, सांसद, विधायक मौजूद रहेंगे।
  • 25 जून सुबह मन की बात कार्यक्रम बूथ स्तर पर होगा। शाम को प्रबुद्ध जन सम्मेलन के जरिए आपातकाल पर डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी।

अब जानिए कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के पहले किन नेताओं को कहां दी जिम्मेदारी

मप्र कांग्रेस के चीफ कमलनाथ ने मप्र के 16 बडे़ नेताओं को तीन-चार जिलों का प्रभार देकर वहां दौरे करने के निर्देश दिए। इनमें नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, अरुण यादव, अजय सिंह ने अपने प्रभार के जिलों में दौरे शुरू कर दिए हैं।

16 नेताओं में बांटा एमपी

  • फूलसिंह बरैया को श्योपुर, मुरैना ,भिंड की जिम्मेदारी दी गई है।
  • अजय सिंह राहुल को ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी की जिम्मेदारी दी गई है। अजय सिंह ने दौरे शुरू कर दिए हैं।
  • अरुण यादव को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर की जिम्मेदारी दी गई है। अरुण ने आज बीना से बुन्देलखंड के दौरे की शुरुआत की है।
  • जीतू पटवारी को सतना,पन्ना,दमोह,रायसेन की कमान दी गई है। पटवारी सतना, पन्ना के दौरे कर चुके हैं। आज से रायसेन और दमोह के दौरे पर जा रहे हैं।
  • सुरैश पचौरी को सिंगरौली,सीधी,रीवा,कटनी यानि विंध्य क्षेत्र का प्रभारी बनाया है।
  • नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह अनूपपुर,शहडोल,उमरिया,जबलपुर का प्रभार दिया गया है। डाॅ.गोविन्द सिंह इन जिलों के दौरे कर चुके हैं।
  • तरुण भनोट डिंडौरी,बालाघाट,सिवनी,मंडला,नरसिंहपुर जिले का प्रभारी बनाया गया है।
  • सज्जन सिंह वर्मा छिंदवाड़ा,बैतूल,हरदा,नर्मदापुरम की कमान दी गई है।
  • बाला बच्चन बुरहानपुर,खंडवा,धार की जिम्मेदारी दी गई है।
  • कांतिलाल भूरिया बड़वानी,खरगौन की जिम्मेदारी दी गई है।
  • आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया ट्राइबल बेल्ट में इंचार्ज रहेंगे।
  • मीनाक्षी नटराजन को अलीराजपुर,झाबुआ,आगर की जिम्मेदारी दी गई है।
  • कमलेश्वर पटेल नीमच,मंदसौर,रतलाम की जिम्मेदारी दी गई है।
  • जयवर्धन सिंह को मिली इंदौर और उज्जैन की जिम्मेदारी दी गई है।
  • रामनिवास रावत को मिली राजगढ़ और शाजापुर की कमान सौपी गई है।
  • केपी सिंह गुना,अशोकनगर,विदिशा की जिम्मेदारी दी गई है। केपी सिंह इस महीने इन तीनों जिलों के दौरे पर जाएंगे।
  • लाखन सिंह यादव को मिली सीहोर और देवास की जिम्मेदारी दी गई है। दो बार दौरे कर चुके हैं। कांग्रेस के प्रति जनता में आकर्षण हैं। इस बार चौंकाने वाले परिणाम आएंगे।

कांग्रेस नेता जिलों में टटोल रहे माहौल

कांग्रेस के फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडलम्, सेक्टर कमेटियों से लेकर बूथ कमेटियों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के सभी 40 प्रकोष्ठों, विभागों के कार्यकर्ताओं का फिजिकल वेरिफिकेशन करेंगे।विधानसभा चुनाव के मजबूत दावेदारों के नामों का पैनल बनाकर पीसीसी को भेजेंगे।जिन सीटों पर कांग्रेस लंबे समय से हार रही है। उनके हारने के कारणों की रिपोर्ट बनाकर पीसीसी को आगे की संभावनाओं की रिपोर्ट देंगे।जहां बीजेपी नेताओं के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रशासन के जरिए प्रेशर बनाया जा रहा है। ऐसे मामलों की जानकारी भेजेंगेदूसरे दलों के नाराज नेताओं को कांग्रेस में शामिल कराने की भी रणनीति बनाएंगे।कांग्रेस बडे़ नेताओं के बजाय स्थानीय स्तर पर बीजेपी के नाराज कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कांग्रेस में लाने की कोशिश में जुटी है।स्थानीय गुटबाजी और मनमुटाव को दूर कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाने का काम करेंगे।

Share This News :