प्रशासनिक भवनों के आपदा प्रबंधन की तैयारियां खोखली निकलीं
मंत्रालय से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित प्रशासनिक मुख्यालय सतपुड़ा भवन की आगजनी ने आपदा प्रबंधन की पोल खोल कर रख दी है। आग की घटना के बाद हर स्तर पर लापरवाही और बदइंतजामी सामने गई। सतपुड़ा भवन की आग 10 घंटे में बुझी, लेकिन सिस्टम पर कई सवाल खड़े कर गई। हालांकि बिल्डिंग से धुआं मंगलवार दोपहर तक निकलता रहा।
सतपुड़ा भवन में आग की घटना पर काबू के लिए फायर स्टेशन महज कुछ दूरी पर स्थित है। जहां पर पांच फायरब्रिगेड है। इनमें से दो बहुत पुरानी है, जो कब बंद हो जाए पता नहीं चलता। आग बुझाने पहुंची एक फायर बिग्रेड को तो रात को धक्का तक लगाना पड़ा। खास बात तो यह है कि छह मंजिला भवनों की सुरक्षा के लिए तैनात गाड़ियों से मुश्किल से तीन मंजिल तक पानी का प्रेशर जा सकता है। यहीं वजह है कि सतपुड़ा भवन की आग विकराल होती रही और दमकल की इन गाड़ियों का दम निकलता गया। जिसके बाद आग पर काबू पाने के लिए एयरपोर्ट, सीआईएसएफ, सेना और इंदौर से दो फायरब्रिगेड बुलाई गई।
39 फायरब्रिगेड ने एक साथ काम किया
अधिकारियों के अनुसार आगजनी पर काबू पाने के लिये 2 हाइड्रोलिक समेत नगर निगम की कुल 28, पुलिस की 4, सीआईएसएफ की 2, एयरपोर्ट की 2, बीएचईएल की 1, आर्मी की 2 कुल 39 फायरब्रिगेड ने संयुक्त रूप से एकजुट होकर कार्य किया। साथ ही भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड, इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेडर, वर्धमान ग्रुप और ट्राइडेन्ट ग्रुप के अग्निशमन संबंधी उपकरण भी उपयोग किये गये। 130 के करीब सेना के जवान भी आग बुझाने के लिए पहुंचे।