मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण का नया युग प्रारंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना को प्रतिमाह राशि प्रदान करने की नहीं बल्कि उनके सम्मान की योजना है। इससे बहनों के जीवन में बदलाव आ रहा है। महिला सशक्तिकरण का नया युग प्रारंभ हो रहा है। बहनों के हित में सरकार द्वारा अनेक योजनाएँ संचालित हो रही हैं। बचपन में मैं देखता था कि महिलाओं के साथ भेदभाव होता था। तब से मेरे मन में महिलाओं के हित में कार्य करने की बहुत इच्छा थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद मैंने लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की। आज प्रदेश में 45 लाख लाड़ली लक्ष्मी बन चुकी हैं। बेटी के शादी के लिए कन्या विवाह योजना शुरू की।
|
वाहन रूकवा कर बहनों की दी सहायता मुख्यमंत्री श्री चौहान विकास पर्व के बाद जब सड़क मार्ग से वापस लौट रहे थे, तो उन्हें दो बहनें सड़क के किनारे दुखी दिखाई दीं। उन्होंने वाहन रूकवा कर उन्हें पास बुलाया और उनकी परेशानी पूछी। दिव्यांग बहन संगीता साहू और किरण साहू ने बताया कि वे आर्थिक रूप से परेशान हैं। मुख्यमंत्री ने तुरन्त उन्हें आर्थिक सहायता स्वीकृत करते हुए निर्देश दिये कि दिव्यांग बहन संगीता को न केवल जन-सहयोग से स्कूटी प्रदान की जाये बल्कि हर संभव सहायता दी जाये। |
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पंचायत चुनाव और नगरीय निकाय में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिससे पंचायतों व नगरों में महिलाएँ सरकार चला रही हैं। इतना ही नहीं मकान-दुकान और जमीन खरीदने पर रजिस्ट्री के स्टाम्प शुल्क में बहनों के लिए 2 प्रतिशत की छूट दी गई है। मैंने नर्मदा जयंती के दिन नर्मदापुरम में लाड़ली बहना योजना की घोषणा की थी। अब बहनों के खाते में हर महीने एक हजार रूपये आ रहे हैं। इस राशि को धीरे-धीरे बढ़ाते हुए 3 हजार रुपये तक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान सिवनी-मालवा बानापुरा के कृषि उपज मंडी प्रांगण में लाड़ली बहना सम्मेलन और विकास पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने 262 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों की सम्मान निधि अब 10 हजार से बढ़कर 12 हजार कर दी गई है। पूर्व में केंद्र से 6 हजार और प्रदेश सरकार से 4 हजार रूपये मिलाए जाते थे, जिसे बढ़ाकर प्रदेश में अब 6 हजार और कर दिया गया है। अब किसान सम्मान निधि के कुल 12 हजार रूपये किसानों के खाते में पहुँचेंगे।