केंद्रीय मंत्री के घर कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत,परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
लखनऊ के दुबग्गा में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर के अंदर भाजपा कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विनय श्रीवास्तव के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। युवक के सिर में गोली मारी गई है। पिस्टल सांसद के बेटे विकास किशोर की बताई जा रही है। परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि घटना के वक्त उनका बेटा यहां मौजूद ही नहीं था वह दिल्ली में था।मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया का है। शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे केंद्रीय मंत्री के बेटे के घर में भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। विनय श्रीवास्तव के परिजनों ने लिखित तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि विनय की मौत केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर की पिस्टल से हुई है। ठाकुरगंज दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची है। विनय श्रीवास्तव केंद्रीय मंत्री के बेटे का करीबी था। बताया जा रहा है कि जिस समय गोली चली है उस समय घर में कई और लोग भी मौजूद थे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोली लगने से एक शख्स की मौत हुई है। उसके सिर में गोली लगी है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है। जांच की जा रही है। गोली किन परिस्थितियों में चली इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं मंत्री कौशल किशोर ने मामले को लेकर कहा कि उन्हें जब मामले की जानकारी हुई तो कमिश्नर समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही मृतक के परिजनों के आरोपों को लेकर कहा कि यह जांच का विषय है। जो भी सच है वह बाहर आएगा।
लखनऊ के दुबग्गा के बेगरिया में केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के नए मकान में शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के सिर में गोली मारी गई है। पिस्टल सांसद के बेटे विकास किशोर की बताई जा रही है। परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। डीसीपी राहुल राज सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मीडिया कर्मियों से बात करते हुए मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि उनका बेटा घटना के वक्त घर पर नहीं था वह दिल्ली में था।बेगरिया फरीदीपुर निवासी विनय श्रीवास्तव (24) भाजपा कार्यकर्ता था। केंद्रीय राज्यमंत्री के बेटे विकास किशोर उर्फ आशु के साथ रहता था। शुक्रवार की सुबह तड़के 4 बजे विनय के सिर में पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव बेड के पास जमीन पर पड़ा था। मौके पर अरुण प्रताप सिंह उर्फ बंटी, शमीम बाबा, अंकित वर्मा, अजय रावत सहित दो अन्य अज्ञात लोग मौजूद थे। परिजनों ने अजय, अंकित और शमीम पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।मृतक के भाई विकास ने कहा कि विकास किशोर हमेशा हमारे भाई विनय को साथ ले जाते थे, पिस्टल साथ मे रखते थे। कल वह विनय को साथ नहीं ले गए और पिस्टल भी छोड़ गए। ये साजिश है, गहनता से जांच होनी चाहिए।