कांग्रेस सरकार बनी तो होगा किसानों का कर्ज माफ
धार। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे। बोले- शिवराज सिंह चौहान ने लगभग 20 हजार घोषणाएं की हैं, लेकिन घोषणा करके उस पर अमल करना उनकी आदत नहीं है। यह बात दिग्विजय ने बुधवार को धरमपुरी विधानसभा के आदिवासी बहुल नालछा में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।दिग्विजय ने कहा कि भाजपा ने खरीद-फरोख्त कर सरकार बनाई थी। पिछले चुनाव में भी जनता ने अपना स्पष्ट बहुमत कांग्रेस को दिया था। उस दौर में राजा-रजवाड़े बिक गए, पर आदिवासी विधायकों ने अपनी निष्ठा बरकरार रखी। दिग्विजय ने कहा कि करोड़ों का कारम डैम पहली ही वर्षा में फूट गया। गांव के गांव डूब गए, लोगों को भारी नुकसान हुआ, पर सरकार ने उन्हें मुआवजा नहीं दिया। जनसभा के बाद पत्रकार वार्ता में में पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि हमने 70 लाख किसानों का कर्ज माफ किया है और जो किसान छूट गए हैं, उनका कर्ज सरकार बनते ही माफ करेंगे।